सोमवार, 6 जुलाई 202605:38:37 PM
Download App
Home/राजनीति

मप्र में इसी महीने लागू होगा यूसीसी : जनसंघ के संस्थापक की 125वीं जयंती पर सीएम का बड़ा ऐलान, कहा- डाॅ. मुखर्जी का सपना होगा साकार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 06, 2026
09:54 AM
जनसंघ के संस्थापक की 125वीं जयंती पर सीएम का बड़ा ऐलान, कहा- डाॅ. मुखर्जी का सपना होगा साकार

भोपाल। आज, 6 जुलाई को भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी नेता और शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती है। इस खास मौके पर भाजपा दिग्गज नेताओं ने उन्हें नमन किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने भी उन्हें नमन किया। भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने समान नागरिक संहिता को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मप्र में इसी महीने यूसीसी लागू होगा।

सीएम ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का एक निशान, एक प्रधान, एक विधान का सपना आज साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि मध्यप्रदेश इसी महीने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश वह सब करने जा रहा है, जो देश के लिए जरूरी है। उनके नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी विशेष पहचान बना रहा है।

मप्र ने डिफेंस सेक्टर में लिखा स्वर्णिम इतिहास

डॉ. मुखर्जी के उदात्त विचार को लेकर हम औद्योगिकीकरण की ओर बढ़ रहे हैं। हम हर वर्ग के जीवन में कल्याण करने की तरफ बढ़ रहे हैं। डॉ. मुखर्जी जिस प्रकार के भारत की कल्पना करते थे, हम वह राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर हैं। मध्यप्रदेश ने पहली बार डिफेंस के सेक्टर में स्वर्णिम इतिहास लिखा है। अब हमारे प्रदेश के अंदर तमाम प्रकार के रक्षा उत्पाद बनेंगे। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश को सर्वांगीण रूप से सशक्त करते हुए, सक्षम करते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ेंगे।

यूसीसी समिति का कार्यकाल 26 जुलाई तक बढ़ा

यूसीसी का मसौदा तैयार करने वाली समिति का कार्यकाल तकनीकी कारणों से 26 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। पहले यह अवधि 26 जून को समाप्त हो चुकी थी। समिति के सदस्यों के अनुसार, विधेयक पारित होने के बाद भी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियम और प्रक्रियाएं तैयार करनी होंगी। इसी वजह से समिति की जिम्मेदारी आगे भी जारी रहेगी।

9.5 लाख से ज्यादा सुझाव, महिलाओं ने दिखाया मजबूत समर्थन

प्रदेशभर से यूसीसी को लेकर समिति को 9.5 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। इनमें लगभग 4 लाख सुझाव ऑनलाइन और बाकी अन्य माध्यमों से मिले। समिति सभी सुझावों का अध्ययन कर रही है और उपयोगी सुझावों को अंतिम मसौदे में शामिल किया जाएगा। आंकड़ों के मुताबिक, करीब 95 प्रतिशत महिलाओं और 92 प्रतिशत पुरुषों ने यूसीसी का समर्थन किया है। मुस्लिम समुदाय से मिले करीब 29 हजार सुझावों में भी 38 प्रतिशत लोगों ने इसके पक्ष में राय दी है। विभिन्न संस्थानों से भी लगभग दो हजार सुझाव प्राप्त हुए हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें