एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा एथलीटों का धमाका : शॉट पुट एफ46 में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज पर जमाया कब्जा

नागोया। जापान के नागोया में आयोजित हो रहे आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा एथलीटों का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। या। बुधवार को पुरुषों की शॉट पुट F 46 स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पोडियम की तीनों जगहों पर कब्जा जमाया। सचिन खिलाड़ी ने गोल्ड, मोहम्मद यासर ने सिल्वर और प्रवीण ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। खेल मंत्री मांडविया सचिन खिलाड़ी, मोहम्मद यासर और प्रवीण को बधाई दी। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।
सचिन खिलाड़ी ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड
पेरिस पैरालंपिक के सिल्वर मेडलिस्ट सचिन खिलाड़ी ने अपने पहले ही प्रयास में 15.79 मीटर का गेम्स रिकॉर्ड थ्रो दर्ज कर मुकाबले में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। उन्होंने पूरे इवेंट में शानदार निरंतरता बनाए रखी और उनके सभी थ्रो 15 मीटर के पार रहे।
एशियन पैरा गेम्स में इस स्पर्धा में सचिन का यह दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले उन्होंने 2023 में हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उनके इस प्रदर्शन ने भारतीय दल की पदक तालिका में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी।
मोहम्मद यासर ने सीजन बेस्ट प्रदर्शन से जीता सिल्वर
मोहम्मद यासर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। शुरुआती दो प्रयासों में 14 मीटर के दायरे में थ्रो करने के बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में 15.06 मीटर की दूरी हासिल की। उनका यह सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
यासर ने कम उम्र में ही खेलना शुरू कर दिया था। उनके कोच ने उन्हें पैरा स्पोर्ट्स से परिचित कराया और प्रशिक्षण देना शुरू किया। उन्होंने सक्षम एथलीटों के साथ शॉट पुट का अभ्यास किया। 2017 चाइना ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता गया ब्रॉन्ज मेडल उनका पहला अंतरराष्ट्रीय पदक था।
12वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले यासर अब स्नातक की पढ़ाई पूरी करने की योजना बना रहे हैं। वह साथी एथलीट अमित कुमार सरोहा और राजिंदर सिंह राहेलू को अपना आदर्श मानते हैं।
प्रवीण ने ब्रॉन्ज जीतकर पूरा किया भारत का क्लीन स्वीप
प्रवीण ने 13.83 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्होंने यह दूरी अपने दूसरे प्रयास में हासिल की। इसके साथ ही पुरुषों की शॉट पुट F46 स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक जीतकर क्लीन स्वीप पूरा किया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
