भोपाल में खेल प्रतिभाओं का संगम : सीएम मोहन ने 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का किया शुभारंभ, 26 राज्यों के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खेल प्रतिभाओं का बड़ा संगम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। प्रकाश तरुण पुष्कर आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों से 400 से अधिक पैरा तैराक हिस्सा ले रहे हैं। स्पर्धा में 100 महिला खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मप्र के खेल मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।
पैरा ओलंपिक में भारत की उपलब्धियों पर CM ने जताया गर्व
सीएम मोहन ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि 26 राज्यों से 400 से अधिक पैरा तैराकों का प्रतियोगिता में शामिल होना बेहद आनंद और गर्व की बात है। इनमें 100 महिला खिलाड़ियों की भागीदारी भी उत्साहजनक है।
पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया ने खेल क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मध्यप्रदेश में विभिन्न खेलों की 11 अकादमी कार्यरत हैं। हमारे 32 खिलाड़ियों ने इसी वर्ष एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने 12 मेडल जीते हैं, जिसमें दो 2 सिल्वर मेडल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत का पैरा ओलंपिक प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। वर्ष 2024 के पैरालंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने 26 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।
2016 के रियो पैरा ओलिंपिक में भारत को मिले थे 4 पदक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्पोर्ट्स सहित सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। वर्ष 2016 के रियो पैरा ओलिंपिक में भारत को 4 पदक मिले थे। उसके बाद टोक्यो पैरा ओलिंपिक में पदकों की संख्या चार गुना बढ़कर 20 हो गई। वर्ष 2024 के पैरा ओलिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 मेडल अपने नाम किए थे। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि 2026 के पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 114 जीतकर भारत ने अद्भुत कीर्तिमान गढ़ा है। इसमें हमारे पैरा स्विमर्स के 11 पदक शामिल हैं।
खिलाड़ियों को लगातार आगे बढ़ा रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेलों की 11 अकादमियां संचालित हो रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अपना खेल स्टेडियम हो, जहां खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

भोपाल बन रहा स्पोर्ट्स हब, 19 तारीख को बनेगा नया इतिहास
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल धीरे-धीरे स्पोर्ट्स हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस महीने की 19 तारीख को लेकर भी कहा कि उस दिन एक नया इतिहास बनेगा।
खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल किसी भी व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण आयाम है। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद खिलाड़ी जिस समर्पण और मेहनत के साथ खेल के मैदान में उतरते हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि पैरा खिलाड़ियों को खासतौर पर स्विमिंग जैसे खेलों में काफी मेहनत करनी पड़ती है। सरकार खिलाड़ियों को मजबूत बनाने और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
हर विधानसभा में बनेगा खेल स्टेडियम
खेल मंत्री ने कहा कि भारत अब खेलों के क्षेत्र में दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है और देश को फिट बनाने के लिए हर नागरिक का खेलों से जुड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा, ष्इस देश को हिट करना है तो फिट करना होगा। उन्होंने बताया कि सरकार की योजना प्रदेश की हर विधानसभा में एक खेल स्टेडियम बनाने की है। इन स्टेडियमों में पैरा खिलाड़ियों के लिए भी विशेष सुविधाएं और स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि दिव्यांग खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
