अनौपचारिक टेस्ट में देवदत्त ने मचाया तहलका : टूटा दोहरे शतक का सपना, साई ने भी कीवी गेंदबाजों की ली खबर

लिंकन। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में देवदत्त पडिक्कल ने अपने बल्ले से तहलका मचा दिया। बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेले जा रहे इस मुकाबले की दूसरी पारी में पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 199 रन ठोक दिए। हालांकि, वह अपने दोहरे शतक से महज एक रन दूर रह गए। 248 गेंदों पर खेली गई उनकी इस बेहतरीन पारी का अंत विवादित नजर आए एलबीडब्ल्यू फैसले के साथ हुआ। उनके आउट होने से भारतीय खेमे को बड़ा झटका लगा, लेकिन तब तक वह टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे।
दोहरे शतक से चूके पडिक्कल, फैसले से दिखे निराश
देवदत्त पडिक्कल ने अपनी शानदार पारी में 24 चैके और तीन छक्के लगाए। वह बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे और दोहरा शतक पूरा करने की ओर बढ़ रहे थे। तभी न्यूजीलैंड ए के तेज गेंदबाज जैक गिब्सन की गेंद उनके पैड पर लगी। गेंदबाज और फील्डिंग टीम ने जोरदार अपील की, जिसके बाद अंपायर ने उन्हें आउट करार दे दिया।
पडिक्कल अंपायर के इस फैसले से खुश नजर नहीं आए। उनके चेहरे पर निराशा साफ दिखाई दी। इस तरह वह 199 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और एक यादगार दोहरे शतक से चूक गए।
साई सुदर्शन के साथ निभाई 215 रनों की साझेदारी
दूसरी पारी में भारत ए की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल पांच रन बनाकर आउट हो गए, जबकि केएल राहुल सिर्फ चार रन ही बना सके। शुरुआती झटकों के बाद पडिक्कल ने साई सुदर्शन के साथ पारी को संभाला।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 340 गेंदों में 215 रन जोड़कर भारतीय टीम की वापसी कराई। सुदर्शन ने 184 गेंदों पर 91 रन बनाए, जिसमें 12 चैके शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद कप्तान ध्रुव जुरेल भी सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
भारत ए ने बनाई मजबूत बढ़त
सुदर्शन के आउट होने के बाद पडिक्कल को यश राठौड़ का साथ मिला। दोनों ने मिलकर 142 रनों की अहम साझेदारी की। टी-ब्रेक तक भारत ए ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 377 रन बना लिए थे। यश राठौड़ 66 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे, जबकि वॉशिंगटन सुंदर दो रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
पहली पारी में भारत ए की टीम सिर्फ 113 रन बना सकी थी। जवाब में न्यूजीलैंड ए ने 317 रन बनाकर 204 रनों की बढ़त हासिल की थी। अब दूसरी पारी में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए कुल बढ़त को 173 रनों तक पहुंचा दिया है। पांच विकेट शेष होने के कारण भारत ए की नजर अपनी बढ़त और मजबूत करने पर होगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
