टेस्ट सीरीजः गाॅल में मानव सुथार का कहर : भारत ने श्रीलंका को 165 रनों से रौंदा, देवदत्त ने रखी जीत की नींव

गॉल। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 165 रन से अपने नाम कर लिया। भारत-श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गाॅल स्टेडियम में खेला गया। टीम इंडिया के 372 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 206 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की जीत के सबसे बड़े नायक युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने मैच में पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। उन्होंने अपने करियर में दूसरी बार पारी में छह विकेट झटके। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में 167 रन की शानदार पारी भी टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 1.0 की बढ़त ले ली है।
सुथार ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों की कमर तोड़ी
सुथार ने 55 रन देकर 6 विकेट झटके और भारत की जीत पक्की कर दी। उन्होंने पहली पारी में भी 4 विकेट लिए थे। इस तरह अपने दूसरे ही टेस्ट में उन्होंने मैच में 10 विकेट लेकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक था। उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और भारत को 462 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दूसरी पारी में भी पडिक्कल ने 44 रन बनाए।
भारत ने ऐसे बनाया जीत का मंच
भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका 284 रन पर सिमट गया। भारत को पहली पारी में बढ़त मिली। दूसरी पारी में भारतीय टीम ने 193 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 372 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। मेजबान टीम लक्ष्य तक पहुंचने के बजाय 206 रन पर ही ढेर हो गई।
आखिरी दिन सुथार का कहर
श्रीलंका ने पांचवें दिन 84 रन पर चार विकेट से आगे खेलना शुरू किया। धनंजया डी सिल्वा और सोनल दिनुषा ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। लंच के बाद सुथार ने लगातार विकेट लेकर श्रीलंका की उम्मीदें तोड़ दीं। उन्होंने सोनल दिनुषा, प्रभात जयसूर्या और लाहिरू कुमारा को आउट किया। श्रीलंका का आखिरी विकेट भी सुथार ने ही लिया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
