मंगलवार, 8 सितंबर 202610:48:15 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

जूनियर एशिया कप : दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत ने दागे तूफानी गोल, 7-3 से रौंदकर बढ़ाए सेमीफाइनल की ओर बढ़ाए कदम

admin

admin

Sep 08, 2026
07:57 AM
दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत ने दागे तूफानी गोल, 7-3 से रौंदकर बढ़ाए सेमीफाइनल की ओर बढ़ाए कदम

मोकी। भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 7-3 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के पूल-ए में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। तीन मुकाबलों में सात अंक हासिल करने वाली भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में जगह बनाने से महज एक जीत दूर है।

मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। भारत ने पांचवें मिनट में अनमोल एक्का के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से खाता खोला। हालांकि दक्षिण कोरिया ने अगले ही मिनट में डोह्योन चोई के गोल से बराबरी कर ली।

हर गोल का दिया जवाब

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर जारी रखे। 18वें मिनट में लवनूर सिंह ने मैदानी गोल कर भारत को फिर बढ़त दिलाई। दक्षिण कोरिया ने एक बार फिर तेजी से पलटवार करते हुए ह्योगुक यू के जरिए बराबरी हासिल कर ली। भारत ने दबाव बनाए रखा और 20वें मिनट में अजीत यादव ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक भारत ने यह बढ़त कायम रखी।

तीसरे क्वार्टर में फिर बराबरी

दक्षिण कोरिया ने दूसरे हाफ में भी आक्रामक खेल दिखाया। ह्योगुक यू ने तीसरे क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में अपना दूसरा गोल दागकर मुकाबला 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद भारत ने दबाव बढ़ाया। 42वें मिनट में प्रभदीप सिंह ने गोल करते हुए भारतीय टीम को 4-3 से आगे कर दिया।

आखिरी मिनटों में भारत ने पलटा पूरा खेल

चैथे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया बराबरी की तलाश में लगातार हमले कर रहा था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। 55वें मिनट में गुरसेवक सिंह ने गोल कर बढ़त 5-3 कर दी।

इसके ठीक एक मिनट बाद अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए अपना दूसरा गोल दागा और भारत को 6-3 से आगे कर दिया। 58वें मिनट में आर्यन जेस ने सातवां गोल कर जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

अनमोल एक्का का शानदार प्रदर्शन

कप्तान और स्टार ड्रैगफ्लिकर अनमोल एक्का ने मुकाबले में दो गोल किए। टूर्नामेंट में उनके गोलों की संख्या अब आठ हो गई है। भारत के खाते में तीन मैचों से सात अंक हैं, जबकि दक्षिण कोरिया के छह अंक हैं। अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला बुधवार को चीनी ताइपे से होगा। इस मैच में जीत भारत को सीधे सेमीफाइनल में पहुंचा देगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें