बुधवार, 16 सितंबर 202609:48:31 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

मेसी का अर्जेंटीना के लिए आखिरी मैच तय, : 85 हजार दर्शकों के सामने फुटबॉल को कहेंगे अलविदा 6 अक्टूबर को खत्म होगा ऐतिहासिक सफर

admin

admin

Sep 16, 2026
07:35 AM
85 हजार दर्शकों के सामने फुटबॉल को कहेंगे अलविदा 6 अक्टूबर को खत्म होगा ऐतिहासिक सफर

नई दिल्ली। फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शामिल लियोनेल मेसी अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के लिए अपना आखिरी मुकाबला 6 अक्टूबर को खेलेंगे। ब्यूनस आयर्स के एस्टाडियो मोन्यूमेंटल में बेनिन के खिलाफ होने वाला यह मैत्री मुकाबला मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर का आधिकारिक विदाई मैच होगा। अर्जेंटीना फुटबॉल संघ ने मेसी के साथ रोड्रिगो डी पॉल और जियोवानी लो सेल्सो को भी मुकाबले के लिए टीम में शामिल किया है।

एफए अध्यक्ष ने दी ‘शानदार विदाई’ की जानकारी

अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष क्लाउडियो टैपिया ने सोशल मीडिया पर मेसी को लेकर कहा कि देश दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, राष्ट्रीय टीम के प्रतीक और अपने कप्तान को अर्जेंटीना में शानदार विदाई देना चाहता है। इस मुकाबले के लिए 2022 विश्व कप विजेता टीम के खिलाड़ियों और उनके परिवारों को भी आमंत्रित किया गया है।

लगभग 85 हजार दर्शकों की क्षमता वाले एस्टाडियो मोन्यूमेंटल में होने वाला मुकाबला मेसी के प्रशंसकों के लिए बेहद खास होगा। मैदान पर उनके अंतरराष्ट्रीय सफर के सबसे यादगार पलों को एक बार फिर याद किया जाएगा।

20 साल का ऐतिहासिक सफर होगा खत्म

मेसी ने 2005 में महज 18 साल की उम्र में अर्जेंटीना के लिए पदार्पण किया था। इसके बाद करीब दो दशक तक उन्होंने राष्ट्रीय टीम की अगुआई की। उनके नेतृत्व में अर्जेंटीना ने एक विश्व कप और दो कोपा अमेरिका खिताब जीते।

मेसी अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने और सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 207 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 125 गोल किए हैं। आठ बार के बैलन डीश्ओर विजेता मेसी फिलहाल अमेरिका की मेजर लीग सॉकर में इंटर मियामी के लिए खेल रहे हैं।

विश्व कप जीतकर पूरी की सबसे बड़ी तलाश

मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे यादगार अध्याय 2022 में आया, जब अर्जेंटीना ने विश्व कप अपने नाम किया। इससे पहले 2014 विश्व कप में टीम उपविजेता रही थी। लंबे इंतजार के बाद विश्व कप जीतने के साथ मेसी ने अर्जेंटीना के साथ सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की।

उन्होंने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा करते हुए कहा था कि उन्होंने हमेशा अर्जेंटीना की जर्सी के लिए अपना सब कुछ दिया और प्रशंसकों को फुटबॉल के जरिए देश पर गर्व करने का मौका देने की कोशिश की।

अक्टूबर में तीन मैत्री मुकाबले

अर्जेंटीना 30 सितंबर को कॉर्डोबा के मारियो अल्बर्टो केम्पेस स्टेडियम में बोलीविया से भिड़ेगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को रिवर प्लेट स्टेडियम में बुर्किना फासो के खिलाफ मुकाबला होगा। दौरे का अंतिम मैच 6 अक्टूबर को बेनिन के खिलाफ एस्टाडियो मोन्यूमेंटल में खेला जाएगा। यही मुकाबला अर्जेंटीना की जर्सी में मेसी के लंबे और गौरवपूर्ण सफर का अंतिम पड़ाव बनेगा।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें