शुक्रवार, 13 नवंबर 202611:57:12 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

रोहित 0, कोहली 0 और श्रेयस भी 0 : भारतीय वनडे क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार, हैनरी ने उड़ाई टीम इंडिया की धज्जिया

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 13, 2026
07:32 AM
भारतीय वनडे क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार, हैनरी ने उड़ाई टीम इंडिया की धज्जिया

माउंट माउंगानुई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच बे ओवल मैदान पर खेले जा रहे चैथे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। न्यूजीलैंड से मिले 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को पहले ही ओवर में ऐसा झटका लगा, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने एक ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। भारतीय वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब टीम ने बिना कोई रन बनाए अपने शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए।

मैट हेनरी ने एक ओवर में उड़ाई टीम इंडिया की धज्जियां

न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी करने आए मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। ओवर की शुरुआत में रोहित शर्मा उनकी गेंद पर फिन एलन को कैच थमा बैठे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली क्लीन बोल्ड हो गए। हेनरी यहीं नहीं रुके और ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया।

इस तरह भारत ने बिना कोई रन बनाए अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए। वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह महज पांचवां मौका है, जब किसी टीम ने बिना रन बनाए अपने शुरुआती तीन विकेट गंवाए हैं।

2010 के बाद पहली बार एक साथ जीरो पर आउट हुए रोहित-कोहली

इस मुकाबले में एक और बड़ा रिकॉर्ड बना। साल 2010 के बाद यह पहला अवसर है, जब रोहित शर्मा और विराट कोहली एक ही वनडे मुकाबले में शून्य पर आउट हुए हैं। इससे पहले 2010 में श्रीलंका के खिलाफ दोनों बल्लेबाज एक ही मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे थे।

10 रन के भीतर भारत ने गंवाए चार विकेट

शुरुआती तीन झटकों के बाद भारतीय टीम को ऋतुराज गायकवाड़ से उम्मीद थी, लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके। गायकवाड़ महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके साथ ही भारत ने अपने चार विकेट 10 रनों के भीतर गंवा दिए। वनडे क्रिकेट में यह केवल दूसरा मौका है, जब टीम इंडिया के शुरुआती चार विकेट इतने कम स्कोर पर गिरे हैं। इससे पहले 1983 में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने अपने चार विकेट 10 रन के अंदर गंवाए थे।

विल यंग के शतक से न्यूजीलैंड ने खड़ा किया 333 रनों का स्कोर

इससे पहले न्यूजीलैंड की पूरी टीम 50 ओवर में 333 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। मेजबान टीम की ओर से विल यंग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों में 125 रनों की शतकीय पारी खेली। टिम सीफर्ट ने 48 गेंदों में 58 रन बनाए, जबकि फिन एलन ने 41 और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 24 रनों का योगदान दिया।

भारत की ओर से गेंदबाजी में आकिब नबी, गुरनूर बरार और अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। हालांकि, न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 333 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया, जिसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद खराब रही।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें