शुक्रवार, 19 जून 202607:08:25 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें : UCC पर तेजी, मानसून सक्रिय, NEET अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेनें

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jun 19, 2026
10:43 AM
UCC पर तेजी, मानसून सक्रिय, NEET अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेनें

सीएम की हाई लेवल बैठक

मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार देर रात तक चली हाई लेवल बैठक को लेकर सियासी चर्चाएं तेज रहीं। हालांकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे सामान्य समीक्षा बैठक बताते हुए कहा कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन्हीं कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा के लिए मंत्रियों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई।

छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की दिशा में बढ़ी सरकार

समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि मानसून सत्र तक समिति अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

NEET परीक्षार्थियों के लिए रेलवे का विशेष इंतजाम

NEET परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। 20 और 21 जून को चार स्पेशल पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। कोरबा-दुर्ग मार्ग पर विशेष ट्रेनें चलेंगी, वहीं 21 जून को छिंदवाड़ा-इतवारी स्पेशल मेमू ट्रेन भी संचालित होगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हसदेव एक्सप्रेस का अस्थायी विस्तार दुर्ग तक किया गया है। इसके अलावा 10 ट्रेनों में 40 अतिरिक्त जनरल कोच जोड़े जाएंगे।

प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अब तेज होने लगी हैं। प्रदेश के कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ी है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

जल्द शुरू होगा 'सुघ्घर छत्तीसगढ़' अभियान

राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जल्द ही 'सुघ्घर छत्तीसगढ़' अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचे। अभियान के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर समीक्षा और पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें