रविवार, 14 जून 202609:50:33 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

Indore News : इंदौर चिड़ियाघर में दुर्लभ सफेद कृष्णमृग शावक का जन्म, बना आकर्षण का केंद्र

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Jun 14, 2026
03:53 AM
इंदौर चिड़ियाघर में दुर्लभ सफेद कृष्णमृग शावक का जन्म, बना आकर्षण का केंद्र

इंदौर। इंदौर के कमला नेहरू प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में एक दुर्लभ और आकर्षक सफेद कृष्णमृग (ब्लैकबक) शावक का जन्म हुआ है। पूरी तरह सफेद रंग और गुलाबी आंखों वाला यह नन्हा मेहमान पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह एक अलबीनो (Albino) शावक है, जिसकी त्वचा और आंखों में रंगद्रव्य की कमी के कारण ऐसा असामान्य रंग दिखाई देता है।

चिड़ियाघर के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि सामान्यतः मादा कृष्णमृग का रंग गेहुआं तथा नर का रंग गहरा काला होता है। इनके शावकों का रंग भी प्रायः माता-पिता से मिलता-जुलता होता है, लेकिन इस शावक का शरीर पूरी तरह सफेद है और इसकी आंखें हल्के गुलाबी रंग की हैं। इसी विशेषता के कारण इसे अलबीनो कृष्णमृग कहा जा रहा है।

पशु विशेषज्ञों के अनुसार शरीर में मेलेनिन नामक रंगद्रव्य की कमी के कारण यह दुर्लभ स्थिति उत्पन्न होती है। मेलेनिन की अनुपस्थिति के कारण त्वचा और बालों का रंग सफेद तथा आंखों का रंग गुलाबी दिखाई देता है।

चिड़ियाघर प्रबंधन के मुताबिक यह शावक पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी विशेष निगरानी तथा देखभाल की जा रही है। इस नए सदस्य के आगमन के साथ ही चिड़ियाघर में हिरणों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है।

सफेद बाघों के लिए प्रसिद्ध इंदौर का कमला नेहरू प्राणी उद्यान अब इस दुर्लभ सफेद कृष्णमृग शावक के कारण भी चर्चा में है। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि कृष्णमृग प्रजाति में सफेद रंग का जीन सामान्यतः अगली पीढ़ी में प्रभावी रूप से दिखाई नहीं देता, इसलिए इस प्रकार का जन्म अत्यंत दुर्लभ माना जाता है।

डॉ. यादव ने बताया कि चिड़ियाघर में कई दुर्लभ वन्यजीव मौजूद हैं और अब सफेद कृष्णमृग भी उनमें शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि प्राणी उद्यान के इतिहास में पहली बार किसी कृष्णमृग जोड़े से सफेद शावक का जन्म हुआ है, जो वन्यजीव प्रेमियों और शोधकर्ताओं के लिए भी विशेष आकर्षण का विषय बना हुआ है।

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें