शुक्रवार, 6 नवंबर 202603:47:12 PM
Download App
Home/देश

धनतेरस पर धनवर्षा : सोना महंगा तो ग्राहकों ने बदला खरीदारी का अंदाज, भोपाल में 1000 करोड़ के पार कारोबार की उम्मीद, टीवी, फ्रिज और स्मार्ट उपकरणों की भी खूब बिक्री

admin

admin

Nov 06, 2026
01:18 PM
सोना महंगा तो ग्राहकों ने बदला खरीदारी का अंदाज, भोपाल में 1000 करोड़ के पार कारोबार की उम्मीद, टीवी, फ्रिज और स्मार्ट उपकरणों की भी खूब बिक्री

भोपाल। धनतेरस ने राजधानी के कारोबार को नई चमक दे दी। शुक्रवार को भोपाल के बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारों का तांता लगा रहा। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए लोगों ने जमकर जेब ढीली की। सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद सराफा बाजार में उत्साह कम नहीं हुआ, हालांकि ग्राहकों ने कम वजन के आभूषणों को तरजीह दी। बर्तन बाजार में पारंपरिक धातुओं की मांग ने सबका ध्यान खींचा तो इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर आधुनिक उपकरणों की बिक्री ने रफ्तार पकड़ी। कारोबारियों को इस बार पिछले साल से बेहतर व्यापार और एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की उम्मीद है।

सोने की चमक बरकरार, भारी गहनों की जगह हल्की ज्वेलरी ने ली

पुराने भोपाल के चौक बाजार स्थित सराफा दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के और आभूषण खरीदे। श्री सराफा एसोसिएशन चौक के सचिव अखिलेश मित्तल के अनुसार, इस दीपावली सीजन में भोपाल का सोना-चांदी कारोबार 150 करोड़ रुपये के पार पहुंचने की उम्मीद है। पिछले साल यह कारोबार करीब 100 से 125 करोड़ रुपये रहा था।

कारोबारी राजेश अग्रवाल के मुताबिक, सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते ग्राहक अपने बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। एक, दो और तीन ग्राम की हल्की ज्वेलरी के साथ चांदी के सिक्कों की मांग ज्यादा है। कई ग्राहकों ने पहले ही आभूषण बुक करा दिए थे और धनतेरस के शुभ मुहूर्त में उनकी डिलीवरी ली।

कांसे की थाली और पीतल के पूजा बर्तनों का बढ़ा आकर्षण

पीर गेट के बर्तन बाजार में इस बार पारंपरिक धातुओं की चमक दिखाई दे रही है। स्टील के बर्तनों के साथ कांसे की थालियों और पीतल व तांबे के पूजा बर्तनों की खूब बिक्री हो रही है। कारोबारी अशोक तेजवानी के अनुसार, लोग अब भोजन के लिए कांसे की थाली और पूजा-पाठ के लिए पीतल तथा तांबे के बर्तन खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। त्योहार पर पारंपरिक बर्तनों की बढ़ती मांग से बाजार में अच्छी ग्राहकी बनी हुई है।

टीवी, फ्रिज और स्मार्ट वॉशिंग मशीन पर टूटे ग्राहक

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी धनतेरस का उत्साह देखने को मिला। टीवी, फ्रिज, माइक्रोवेव, मोबाइल और वॉशिंग मशीन के शोरूम में ग्राहकों की भीड़ रही। कारोबारी सुनील कुमार के मुताबिक, 32 से 75 इंच तक के टीवी खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। स्मार्ट तकनीक वाली वॉशिंग मशीन और अलग-अलग क्षमता के फ्रिज की भी मांग है। कंपनियों की छूट, पुराने सामान के बदले नई खरीदारी और किस्तों की सुविधा ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

A windfall for Bhopal’s markets on Dhanteras: Crowds throng the markets, with high demand for lightweight jewe

न्यू मार्केट से एमपी नगर तक बाजारों में रौनक

राजधानी के प्रमुख बाजारों में भी त्योहार की खरीदारी चरम पर रही। न्यू मार्केट में कपड़े, गहने, उपहार और सजावटी सामान की दुकानों पर भीड़ रही। दस नंबर मार्केट में फैशन, सौंदर्य प्रसाधन और डिजाइनर वस्तुओं की खरीदारी हुई। बिट्टन मार्केट में घरेलू और सजावटी सामान की मांग रही। एमपी नगर में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम गुलजार रहे, जबकि जुमेराती में पूजा सामग्री और दीपावली के सामान की थोक तथा फुटकर खरीदारी होती रही।

मिट्टी के दीयों के साथ डिजाइनर रोशनी की भी मांग

घर-आंगन सजाने के लिए लोगों ने मिट्टी के दीयों के साथ एलईडी झालरें, डिजाइनर लैंप, मोमबत्तियां, बंदनवार और कृत्रिम फूलों की मालाएं खरीदीं। चौक और न्यू मार्केट में सजावटी सामान की दुकानों पर अलग-अलग कीमतों के विकल्प उपलब्ध रहे। पारंपरिक मिट्टी के दीयों की खरीदारी से स्थानीय कुम्हारों को भी त्योहार पर अच्छी उम्मीदें हैं।

पिछले साल से 20 प्रतिशत अधिक कारोबार का अनुमान

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव अजय देवानी के मुताबिक, नवरात्र से ही बाजार में खरीदारी का माहौल बनने लगा था। वेतन और बोनस मिलने के साथ शादी के मौसम की खरीदारी ने भी बाजार को मजबूती दी है। उनका अनुमान है कि इस बार धनतेरस पर कारोबार पिछले साल की तुलना में कम से कम 20 प्रतिशत बढ़ सकता है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस से लेकर दीपावली तक खरीदारी का यह उत्साह राजधानी के व्यापार को नई ऊंचाई देगा।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें