मप्र को मिली रक्षा उद्योग की बड़ी सौगात, : सीएम मोहन ने शिवपुरी मे रखी 2500 करोड़ के डिफेंस प्लांट का किया शिलन्यास, 5 हजार को मिलेगा रोजार

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र के विकास में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी जिले के पाली में करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अत्याधुनिक रक्षा उत्पादन संयंत्र का भूमि-पूजन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 211 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 38 विकास कार्यों का ई-लोकार्पण और ई-भूमिपूजन भी किया। इनमें 28 परियोजनाओं का लोकार्पण और 10 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन शामिल है।
मप्र बन रहा निवेश और रक्षा उत्पादन का केंद्र
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब तेजी से निवेश, उद्योग और रोजगार का भरोसेमंद केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना है और जो देश कभी रक्षा उपकरणों का आयात करता था, वही आज आधुनिक रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश-अनुकूल नीतियों और सरल प्रक्रियाओं के जरिए वैश्विक कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित कर रही है।

दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा निजी मिसाइल इकोसिस्टम
सीएम ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाला यह अत्याधुनिक संयंत्र दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा निजी क्षेत्र का मिसाइल इकोसिस्टम होगा। यहां गोला-बारूद, मिसाइल और अन्य आधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। इससे देश की सामरिक क्षमता मजबूत होने के साथ स्वदेशी रक्षा तकनीक और विनिर्माण को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।
रोजगार और स्थानीय उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. यादव ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में 4 से 5 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। स्थानीय लघु उद्योगों और रक्षा क्षेत्र से जुड़ी इकाइयों को नई पहचान मिलेगी तथा मजबूत सप्लाई चेन विकसित होने से पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवपुरी आने वाले समय में रक्षा उत्पादन, लॉजिस्टिक्स और आधुनिक उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
सिंधिया बोले- रक्षा उत्पादन के नक्शे पर उभरेगा शिवपुरी
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने आत्मविश्वास के साथ खड़ा है और रक्षा उत्पादन में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी नीतियों का परिणाम है कि अब शिवपुरी भी देश के रक्षा उत्पादन के नक्शे पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। उन्होंने बताया कि भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी समूह द्वारा घोषित निवेश का यह पहला बड़ा कदम है।
अदाणी समूह के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि शिवपुरी में स्थापित होने वाली यह अत्याधुनिक इकाई कच्चे माल से लेकर तैयार मिसाइल तक का निर्माण एक ही परिसर में करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों और बेहतर अधोसंरचना के कारण मध्यप्रदेश देश की सबसे तेज़ी से उभरती औद्योगिक अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
