गुरुवार, 27 अगस्त 202603:28:37 AM
Download App
Home/देश

उत्तराखंड में भूस्खलन ने रोकी रफ्तार : पहाड़ों से बरस रहा मौत मलबा, बद्रीनाथ समेत कई हाइवे बंद, भारी बारिश से बढ़ाई परेशानी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 06, 2026
06:30 AM
पहाड़ों से बरस रहा मौत मलबा, बद्रीनाथ समेत कई हाइवे बंद, भारी बारिश से बढ़ाई परेशानी

किन्नौर। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। किन्नौर जिले के निचार खंड स्थित निगुलसरी में बीते दिन हुए भूस्खलन ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों की संवेदनशीलता उजागर कर दी। पहाड़ों से लगातार चट्टानें और पत्थर गिरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। हालात ऐसे हैं कि प्रशासन ने लोगों से इस मार्ग पर यात्रा नहीं करने की अपील की है।

हाईवे बंद, वैकल्पिक मार्ग भी सुरक्षित नहीं

भूस्खलन के बाद प्रशासन ने वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजने की व्यवस्था की है, लेकिन लगातार बारिश के कारण वहां भी पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। निगुलसरी में सड़क पर जमा मलबा और विशाल चट्टानों को हटाने का काम जारी है, हालांकि लगातार गिरते पत्थरों की वजह से मार्ग बहाली में मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

बद्रीनाथ मार्ग भी भूस्खलन की चपेट में

बारिश का असर केवल किन्नौर तक सीमित नहीं है। हेलंग में भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है, जबकि आमसौड में मलबा आने से नारायणबगड़-कर्णप्रयाग मुख्य सड़क मार्ग भी बंद हो गया। कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बागवानों और किसानों की बढ़ी चिंता

किन्नौर में पिछले कई दिनों से मौसम लगातार खराब बना हुआ है। निचार क्षेत्र में रोज सुबह और शाम बारिश हो रही है, जबकि पूह और कल्पा क्षेत्रों में बादलों के साथ हल्की वर्षा दर्ज की जा रही है। बरसात के मौसम में निगुलसरी और नाथपा झूला क्षेत्र भूस्खलन के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। सेब और मटर के सीजन में इन मार्गों पर निर्भर किसानों और बागवानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। देहरादून, चमोली और बागेश्वर में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें