सोमवार, 23 नवंबर 202611:09:36 AM
Download App
Home/देश

समय का सच : "विज्ञापनों में खुशहाल देश"

admin

admin

Nov 23, 2026
09:01 AM
"विज्ञापनों में खुशहाल देश"

-Umeesh Gupta

होर्डिंग पर विकास की चमक, जमीन पर नागरिक की परेशानी और व्यवस्था की जवाबदेही के सवाल पर ज़बाब ढूंढना हो तो हमारे देश में विकास देखने के लिए अब कहीं जाने की जरूरत नहीं। शहरों के चौराहों, सड़कों के किनारे लगे होर्डिंग, अखबारों के पूरे पन्नों, टेलीविजन और मोबाइल की स्क्रीन पर वह हर जगह दिखाई देता है। चमकदार तस्वीरें, मुस्कराते चेहरे और उपलब्धियों के बड़े-बड़े दावे बताते हैं कि देश तेजी से बदल रहा है। नई योजना की घोषणा होते ही प्रचार का उत्सव शुरू हो जाता है..उद्घाटन, लोकार्पण, भाषण और लाभार्थियों की गिनती। लेकिन इसी शोर के बीच एक बुनियादी सवाल अक्सर पीछे छूट जाता है कि जिस नागरिक के लिए योजना बनी, उसकी रोजमर्रा की जिंदगी कितनी आसान हुई ?

विज्ञापन में गरीब के चेहरे पर मुस्कान है, किसान के खेत में समृद्धि है, युवा के हाथ में अवसर हैं और परिवार के पास सुविधाओं की भरमार है। पर विज्ञापन के फ्रेम से बाहर निकलते ही तस्वीर बदल जाती है। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर और समय पर इलाज की प्रतीक्षा, भर्ती परीक्षाओं व परिणामों की अनिश्चितता, उपज के उचित मूल्य के लिए किसान की जद्दोजहद और सड़क, पानी, बिजली व सफाई जैसी बुनियादी चुनौतियाँ आम नागरिक को रोज दो-चार करती हैं।

विकास की रफ्तार का आकलन अब सड़क, स्कूल और रोजगार के साथ-साथ होर्डिंग के आकार और प्रचार की आवृत्ति से भी होने लगा है। उपलब्धियों के आंकड़े सामने आते हैं, पर कितने पात्र लोग अब भी लाभ से वंचित हैं, कितने आवेदन लंबित हैं और कितनी शिकायतें अनसुलझी हैं । इन सवालों को उतनी जगह नहीं मिलती। सरकारी आंकड़ों में समस्याएँ तेजी से घटती दिखती हैं, जबकि नागरिकों के रोजमर्रा के अनुभव उन आंकड़ों से मेल नहीं खाते।

डिजिटल इंडिया ने सरकारी सेवाओं की पहुँच, पारदर्शिता और भुगतान व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और ऑनलाइन प्रक्रियाओं से अनेक लोगों को वास्तविक सहूलियत मिली है। मगर तकनीक का उद्देश्य नागरिक का काम सरल बनाना होना चाहिए, उसे एक नई डिजिटल भूलभुलैया में उलझाना नहीं। पहले नागरिक दफ्तर के चक्कर लगाता था, अब पोर्टल और हेल्पलाइन के चक्कर लगाता है, जहाँ कभी 'Your request is under process' लिखा मिलता है और कभी बिना समस्या हल हुए ही शिकायत निस्तारण का संदेश आ जाता है। हर उस नागरिक के पास स्मार्टफोन, इंटरनेट या डिजिटल प्रक्रिया की समझ हो, यह जरूरी नहीं;इसलिए डिजिटल व्यवस्था के साथ मानवीय सहायता भी उतनी ही आवश्यक है।

शिकायत दर्ज होना समाधान नहीं होता, आवेदन स्वीकार होना अधिकार मिल जाना नहीं होता और योजना घोषित होना विकास हो जाना नहीं होता।

सरकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में भूमिका निभाई है। आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, राशन और वित्तीय समावेशन जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रयासों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लेकिन उपलब्धियों को स्वीकार करने का अर्थ कमियों पर मौन रहना नहीं हो सकता। जब किसी सरकारी अस्पताल में दवा-डॉक्टर की कमी हो, भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी सामने आए, सड़क निर्माण अधूरा रहे या पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित रह जाए, तो जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

अक्सर व्यवस्था में जांच समिति बनाने या फाइल आगे बढ़ाने की गति समस्या सुलझाने की गति से अधिक दिखती है। जबकि व्यवस्था की सफलता इस बात से मापी जानी चाहिए कि कितनी फाइलें बंद हुईं या नहीं, बल्कि इससे कि कितनी वास्तविक समस्याएँ समाप्त हुईं। जवाबदेही केवल घोषणाओं से नहीं, ठोस तंत्र से आती है; जैसे समयबद्ध सेवा वितरण, शिकायत बंद करने से पहले नागरिक के संतोष का सत्यापन, और लाभार्थियों की संख्या के साथ-साथ वंचितों व लंबित मामलों का स्पष्ट ब्योरा। जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार ने क्या शुरू किया, और यह भी कि उसका जमीनी परिणाम क्या निकला।

'यह प्रश्न किसी एक दल या सरकार तक सीमित नहीं है। केंद्र हो या राज्य, सत्ता में कोई भी हो, लोकतांत्रिक जवाबदेही की कसौटी समान होनी चाहिए।" विपक्ष में जो सवाल तीखे होते हैं, सत्ता में आकर वे असुविधाजनक क्यों हो जाते हैं ? सरकारें और योजनाओं के नाम बदलते रहते हैं, पर नागरिक की बुनियादी जरूरतें वही रहती हैं, जैसे अच्छा इलाज, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निष्पक्ष रोजगार, उपज का सही दाम और दफ्तरों में सम्मानजनक व्यवहार। उसे हर दिन नई योजना का नाम याद रखने के बजाय यह अनुभव होना चाहिए कि व्यवस्था उसके जीवन को सचमुच आसान बना रही है।

विकास का अर्थ केवल विशाल बजट, बड़े उद्घाटन और आकर्षक नारे नहीं हैं। गांव में नियमित पेयजल, स्कूल में शिक्षक, अस्पताल में समय पर उपचार, सुरक्षित सड़क और पारदर्शी व्यवस्था...ये बातें किसी होर्डिंग पर भले कम नाटकीय दिखें, पर नागरिक के जीवन में इनका मूल्य किसी भी विज्ञापन से बड़ा है।

"विज्ञापन जनसंपर्क का माध्यम हो सकते हैं, जनविश्वास का विकल्प नहीं।" जनविश्वास नारों से नहीं, नागरिक के अनुभव से बनता है। विज्ञापन में चेहरा मुस्कराता दिख सकता है, पर असली कसौटी यह है कि कैमरा बंद होने के बाद उसकी परेशानी भी खत्म हुई या नहीं।

"देश की खुशहाली का सबसे बड़ा विज्ञापन कोई होर्डिंग नहीं, बल्कि नागरिक के चेहरे पर दिखने वाली संतुष्टि है।" तरक्की का प्रमाण यह नहीं कि कितने बड़े होर्डिंग लगाए गए, बल्कि यह है कि आम आदमी को अपनी जायज समस्याओं के समाधान के लिए कितने दरवाजे खटखटाने पड़ते हैं। आखिरकार देश की तरक्की विज्ञापनों में नहीं, नागरिक के जीवन में दिखाई देनी चाहिए _ "यही समय का सच है।"

लेखक TV 27 News में 'कंसल्टिंग एडिटर एवं वाइस प्रेसिडेंट" एवं " मीडिया प्रबंधन" में PhD शोधार्थी हैं



यह भी पढ़ें...
समय का सच : "बहुमत की राजनीति में कहीं खो तो नहीं रहा लोकतंत्र ?"

समय का सच : "दिया तले अंधेरा"

समय का सच : रावण हर साल जलता है, फिर भी व्यवस्था में जिंदा क्यों है?

समय का सच : "लोकतंत्र का असली इम्तिहान चुनाव नहीं, मतदाता का विश्वास है"

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें