गुरुवार, 30 अप्रैल 202602:36:48 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

ठगों ने गरीब व वृद्ध महिला को भी नहीं छोड़ा : 'सेठ के घर बेटा हुआ है दान दिलाएंगे,और ले उड़े लाखों का सोना

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Apr 30, 2026
06:27 AM
'सेठ के घर बेटा हुआ है दान दिलाएंगे,और ले उड़े लाखों का सोना

ग्वालियर। ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में एक बार फिर दिनदहाड़े वृद्धा से ठगी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत और असुरक्षा का माहौल बन गया है। 60 वर्षीय महिला को दो अज्ञात युवकों ने बातों में उलझाकर अपने साथ ले गए और सुनसान गली में ले जाकर उसके गहने उतरवा लिए। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। ज्ञात हो कि मुरार क्षेत्र में इस प्रकार की यह दूसरी घटना है, जबकि कोतवाली और जनकगंज क्षेत्रों में भी हाल ही में इसी तरह की वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस अब तक किसी भी मामले में आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।


मिली जानकारी के अनुसार मुरार के लाल टिपारा स्थित गैस गोदाम के पास रहने वाली 60 वर्षीय रामवती कुशवाह बाजार गई थीं। उन्हें घर के लिए पंखा और सब्जी खरीदनी थी। पंखा खरीदने के बाद जब वह सब्जी लेने जा रही थीं, तभी रास्ते में दो युवक उनसे मिले। एक युवक ने सिर पर टोपी पहन रखी थी। दोनों ने महिला को बताया कि उनके सेठ के घर बेटे का जन्म हुआ है और यदि वह उनके साथ चलेंगी तो उन्हें अच्छा इनाम दिलाया जाएगा।

झांसे में आकर महिला उनके साथ चल दीं। आरोपी उन्हें करीब 500 मीटर दूर एक गली में ले गए और कहा कि सेठ के घर जाने के लिए उन्हें गरीब दिखना होगा। इस बहाने उन्होंने महिला से सोने का मंगलसूत्र और टॉप्स उतरवा लिए। इसके बाद कुछ दूरी तक साथ चलने के बाद दोनों आरोपी महिला को छोड़कर फरार हो गए।

कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। वह घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने रात में जांच के बाद मामला दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज में महिला आरोपियों के साथ जाती हुई नजर आई है।


मुरार और लश्कर क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है , इससे पहले भी नोटों की गड्डी दिखाकर और अन्य झांसे देकर वृद्ध महिलाओं से ठगी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस टीम इन मामलों में सक्रिय है और आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें