कांग्रेस संगठन में बदलाव की अटकलें तेज : भूपेश बोले- मैं बुद्धि नहीं लगाता

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर जारी चर्चाओं के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में किसे प्रदेश अध्यक्ष या नेता प्रतिपक्ष बनाया जाएगा, इसका फैसला हाईकमान ही करेगा।
भूपेश ने कहा वे राय नही थोपते
भूपेश बघेल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन में किसे कौन-सी जिम्मेदारी दी जानी है, यह तय करना पार्टी नेतृत्व का अधिकार है और वे इस पर अपनी राय नहीं थोपते।
टीएस सिंह देव ने दिए थे संकेत
दरअसल, हाल ही में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने संकेत दिए थे कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपती है तो वे इसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी प्राथमिकता छत्तीसगढ़ और संगठन को मजबूत करना है।
दीपक बैज ने बताया बड़ा नेता
सिंहदेव के इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि “बाबा” बड़े नेता हैं और उन्हें दिल्ली में रहकर पार्टी के लिए काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश स्तर पर युवाओं को अवसर देने की बात कही थी।
टीएस सिंहदेव ने दिया था जवाब
इसके जवाब में टीएस सिंहदेव ने भी कहा कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी संगठन और अपने क्षेत्र को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी इशारों में कहा कि नेतृत्व पर चर्चा करते समय यह भी देखा जाना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा। सिंहदेव ने कहा कि वे लगातार प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकात कर रहे हैं तथा पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने के लिए तैयार हैं।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
