छत्तीसगढ़ की आज की बड़ी खबरें : इबोला से सतर्कता, डिप्टी सीएम का औचक निरीक्षण, सीएम की दिल्ली में मुलाकात, नेता प्रतिपक्ष के बयान से सियासत गरमाई

छत्तीसगढ़ की आज की बड़ी खबरें
इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट
कोरोना महामारी के बाद अब इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। दुनियाभर में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने एहतियाती निर्देश जारी किए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की विशेष जांच की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध मामले पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
हाईवे पर डिप्टी CM विजय शर्मा का औचक टेस्ट
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने नेक्स्ट जेन डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली परखने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। रायपुर से कवर्धा जाते वक्त बेमेतरा के पास उन्होंने खुद सड़क हादसे और मारपीट के पीड़ित बनकर डायल-112 पर कॉल किया। इसके बाद ढाबे के पास रुककर पुलिस रिस्पॉन्स टीम के पहुंचने का इंतजार किया। इस औचक परीक्षण के जरिए उन्होंने आपातकालीन सेवा की तत्परता और प्रतिक्रिया समय का जायजा लिया।
दिल्ली में CM विष्णुदेव साय और रेखा गुप्ता की मुलाकात
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच जनहित से जुड़े मुद्दों, सुशासन, शहरी विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा हुई। मुलाकात को प्रशासनिक सहयोग और विकास योजनाओं के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।
चरणदास महंत के बयान से बढ़ा सियासी तापमान
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के एक बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। मनेन्द्रगढ़ दौरे के दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि वह रामभद्राचार्य को जगद्गुरु नहीं मानते और चिरमिरी में आयोजित कथा कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।
ईद-उल-अज़हा से पहले वक्फ बोर्ड की अपील
ईद-उल-अज़हा पर्व को लेकर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने मुस्लिम समाज से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि खुले और सार्वजनिक स्थानों पर कुरबानी न करें तथा सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
