बस्तर के लिए ऐतिहासिक दिनः : केन्द्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आहूत, चार राज्यों के सीएम करेंगे मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के लिए 19 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। पहली बार जगदलपुर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जा रही है। इस हाईलेवल मीटिंग में मध्यप्रदेश समेत चार राज्यों के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे बस्तर के बदलते स्वरूप और बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया है।
बस्तर को मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कभी नक्सल हिंसा के कारण देशभर में चर्चा में रहने वाला बस्तर अब विकास, शांति और सुशासन की नई मिसाल बन रहा है। उन्होंने कहा कि देश के शीर्ष नेतृत्व का जगदलपुर पहुंचना इस बात का संकेत है कि अब बस्तर तेजी से मुख्यधारा से जुड़ रहा है। राज्य सरकार लगातार सुरक्षा, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में काम कर रही है, जिसका सकारात्मक असर अब दिखाई देने लगा है।
मध्यप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों का स्वागत
बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मुख्यमंत्री साय ने स्वागत किया। इस दौरान नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक मुद्दों और राज्यों के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा भी हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में इस तरह की बड़ी बैठक का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
सुरक्षा और विकास रहेगा मुख्य एजेंडा
जानकारी के मुताबिक परिषद की बैठक में राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, नक्सल प्रभावित इलाकों में योजनाओं के क्रियान्वयन और क्षेत्रीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा राज्यों के बीच प्रशासनिक सहयोग को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
बैठक को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और विभिन्न स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। राज्य सरकार का मानना है कि यह बैठक न केवल बस्तर के विकास को नई दिशा देगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में निवेश और विश्वास का माहौल भी मजबूत करेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
