यूपी विधानसभा चुनाव : सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे राहुल, दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे रायबरेली, कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

लखनऊ । देश के सबसे बड़े राज्य उत्तरप्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। 2027 में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दल सियासी जमीन को मजबूत करने में जुट गए हैं। चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष। दलों के शीर्ष नेता लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। जहां से वे अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लिए रवाना हो गए। उनके इस दौरे को पार्टी संगठन को मजबूती देने विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्टी से जुड़े एक पदाधिकारी ने बताया कि रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी बछरावां विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां वह बरातघर और मैरिज हॉल का उद्घाटन करेंगे तथा ग्राम विकास संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद वह सरस्वती महाविद्यालय, खीरो में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में युवाओं और क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे।
महिला कार्यक्रम में शामिल होंगे कांग्रेस नेता
दौरे के दौरान राहुल गांधी लालगंज और सरेनी क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में महंगाई, महिलाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाया जा सकता है। वैभव नगर में सड़क परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम में भी उनके शामिल होने का कार्यक्रम है।
कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे राहुल
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी हरचंदपुर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। दौरे के दूसरे दिन 20 मई को राहुल गांधी लोधवारी में स्वतंत्रता सेनानी वीरवर वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से होंगे मुखातिब
इसके अलावा, वह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात करेंगे और जनसभा को संबोधित करने के बाद अमेठी रवाना होंगे। अमेठी दौरे के दौरान, राहुल गांधी कांग्रेस के दिवंगत जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के पैतृक गांव भी जाएंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा पिछले कई दिनों से राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रायबरेली और अमेठी से गांधी परिवार का पुराना राजनीतिक और भावनात्मक रिश्ता रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
