शनिवार, 31 अक्टूबर 202611:27:32 AM
Download App
Home/देश

वोट चोरी के आरोपों पर सियासी घमासान : केन्द्रीय रिजिजू ने कांग्रेस पर दांगे 5 सवाल, पूछा- 2014 में कैसे मिली 44 सीटें ?

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 31, 2026
10:29 AM
केन्द्रीय रिजिजू ने कांग्रेस पर दांगे 5 सवाल, पूछा- 2014 में कैसे मिली 44 सीटें ?

नई दिल्ली। चुनाव आयोग की निष्पक्षता और वोट चोरी के आरोपों को लेकर देश का सियासी पारा हाई हो गया है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त और केन्द्र सरकार पर हमलावर हैं। इन हमलों के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष को सीधे कठघरे में खड़ा किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कांग्रेस पर कई सवालों के जवाब देने की चुनौती भी दी है। इस दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया की एक परिवार की पार्टी बाहरी ताकतों के साथ मिलकर देश के संविधान और भारतीय लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है।

रिजिजू ने कांग्रेस से पूछे पांच सवाल

केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि जब चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति कांग्रेस सरकार के दौरान हुई थी, तब 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी महज 44 सीटों पर क्यों सिमट गई? दूसरा सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब 2024 में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे, तब कांग्रेस को लगातार तीसरी बार चुनावी हार का सामना कैसे करना पड़ा?

रिजिजू ने यह भी पूछा कि क्या कांग्रेस के मौजूदा मुख्यमंत्री इस्तीफा देंगे और 2014 से 2026 के बीच सरकारें बनाने के लिए माफी मांगेंगे? उन्होंने मतदाता सूची से अवैध अप्रवासियों, मृतकों, स्थान बदल चुके मतदाताओं और डुप्लीकेट नामों को हटाने की जरूरत पर भी कांग्रेस से जवाब मांगा।

अपने पांचवें सवाल में उन्होंने 1952-56, 1958-61, 1965-66, 1983-84, 1987-88, 1993, 1995 और 2002-2004 के दौरान हुए एसआईआर को लेकर पूछा कि क्या ये सभी प्रक्रियाएं अवैध थीं?

कांग्रेस पर संविधान और लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप

रिजिजू ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि एक परिवार की पार्टी बाहरी ताकतों के साथ मिलकर संविधान और भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश कर रही है। उनके इस बयान ने चुनाव आयोग को लेकर जारी राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है।

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का मोर्चा

दरअसल, कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग ने अपनी संवैधानिक स्वायत्तता से समझौता किया है और एसआईआर प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से मनमाने तरीके से नाम हटाए जा रहे हैं। विपक्षी दलों का दावा है कि मतदाताओं को बूथ बदलकर सत्ताधारी पार्टी को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें