शनिवार, 31 अक्टूबर 202611:28:25 AM
Download App
Home/देश

MP के गांवों में डाॅक्टरों की कमी दूर करने प्रयास तेज : डिप्टी सीएम शुक्ल ने बॉन्डेड चिकित्सकों को दिया सेवा का मंत्र, कही यह बात भी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 31, 2026
09:55 AM
डिप्टी सीएम शुक्ल ने बॉन्डेड चिकित्सकों को दिया सेवा का मंत्र, कही यह बात भी

भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आम नागरिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधी, सिंगरौली और डिंडोरी जिले में पदस्थ बॉन्डेड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों को सेवाभाव, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने की नसीहत देते हुए कहा कि डॉक्टर अपने व्यवहार और बेहतर उपचार से ग्रामीणों का विश्वास जीतें।

91 नए डॉक्टरों से मजबूत होगी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था

संवाद के दौरान बताया गया कि सीधी में 16, सिंगरौली में 54 और डिंडोरी में 21 नए बॉन्डेड डॉक्टर पदस्थ किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में काम करना केवल नौकरी नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा का बड़ा अवसर है। चिकित्सक आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के साथ बेहतर समन्वय बनाकर समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।

टीबी, सिकल सेल और एनीमिया उन्मूलन पर फोकस

राजेन्द्र शुक्ल ने टीबी मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन और एनीमिया मुक्त भारत सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय रहते उचित चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

टेलीमेडिसिन से गांवों तक पहुंचेगा विशेषज्ञ उपचार

उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में टेलीमेडिसिन और ई-संजीवनी का अधिकतम उपयोग करने को कहा। उन्होंने हब एंड स्पोक मॉडल को प्रभावी बनाने के साथ उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर की स्क्रीनिंग बढ़ाने तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को सक्रिय बनाने पर जोर दिया।

डॉक्टरों के व्यवहार से बनेगा भरोसा

चिकित्सकों के अनुभव सुनते हुए उन्होंने कहा कि सेवा भाव, संवेदनशीलता और मधुर वाणी मरीज का आधा कष्ट दूर कर देती है। सीधी के बंजारी, डिंडोरी के जामगांव और सिंगरौली के गन्नई सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टरों ने ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने की जानकारी दी। अंत में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, जरूरी स्टाफ और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए पंचायतों को सुमन पंचायत कार्यक्रम से जोड़ने पर भी बल दिया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें