कैप्टागन ड्रग पर बड़ी कार्रवाई : 182 करोड़ की खेप जब्त, केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने दिया सख्त संदेश

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी ) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चलाए गए एक अभियान के तहत ‘कैप्टागन’ नामक खतरनाक ड्रग की बड़ी खेप जब्त की है। इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन रेजपिल’ नाम दिया गया है। बरामद की गई ड्रग्स की अनुमानित कीमत लगभग 182 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक विदेशी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है।
ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंसः शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘ड्रग-फ्री इंडिया’ बनाना है। उन्होंने इसे भारत की “जीरो टॉलरेंस नीति” का मजबूत उदाहरण बताया। शाह ने साफ कहा कि भारत की जमीन का इस्तेमाल किसी भी प्रकार के ड्रग तस्करी नेटवर्क के लिए नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि देश में प्रवेश करने या यहां से बाहर भेजे जाने वाले हर ग्राम नशीले पदार्थ पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने छब्ठ की टीम की सराहना करते हुए उन्हें सतर्क और बहादुर बताया।
क्या है ‘कैप्टागन’ और क्यों है खतरनाक?
जब्त की गई ड्रग ‘कैप्टागन’ वास्तव में फेनेथिलिन
नामक एक एम्फेटामिन-आधारित पदार्थ है। यह एक अत्यंत खतरनाक नशे की दवा मानी जाती है, जिसका दुरुपयोग मुख्य रूप से युद्ध प्रभावित क्षेत्रों और अवैध गतिविधियों में किया जाता रहा है।
इसे अक्सर ‘जिहादी ड्रग’ भी कहा जाता है क्योंकि रिपोर्ट्स के अनुसार इसका इस्तेमाल कुछ आतंकी और उग्रवादी समूहों द्वारा लड़ाई के दौरान किया जाता रहा है। इसका सेवन करने से व्यक्ति में थकान, दर्द और डर का एहसास कम हो जाता है, जिससे हिंसक गतिविधियों में लंबे समय तक सक्रिय रहने की क्षमता बढ़ जाती है।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर नजर
एनसीबी द्वारा चलाया गया ‘ऑपरेशन रेजपिल’ केवल एक घरेलू कार्रवाई नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। एजेंसियों का मानना है कि इस तरह के नेटवर्क न केवल युवाओं को नशे की लत में धकेलते हैं, बल्कि वैश्विक अपराध और आतंकवाद को भी बढ़ावा देते हैं।
सख्त कार्रवाई का संदेश
सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भारत में ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और अधिक तेज और कठोर की जाएगी। यह ऑपरेशन इस बात का उदाहरण है कि सुरक्षा एजेंसियां संगठित अपराध और नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार सक्रिय हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
