मैं घोर सनातनी हूं : दिग्गी का बयान फिर सुर्खियों में, भाजपा नेत्री से सौहार्दपूर्ण बहस का वीडियो वायरल

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर अपने सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान के कारण चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे भाजपा नेत्री उषा ठाकुर के साथ बातचीत करते हुए अपने आप को “घोर सनातन धर्म का मानने वाला” बताते नजर आ रहे हैं।
मैं पहले भी कह चुका हूं, मैं सनातनी हूं
वीडियो में दिग्विजय सिंह यह कहते हुए दिखाई देते हैं कि वे पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर चुके हैं कि वे सनातन धर्म को मानते हैं। वे दोहराते हैं कि “मैं आज फिर कह रहा हूं कि मैं घोर सनातन धर्म का मानने वाला हूं। साथ ही वे यह भी दावा करते हैं कि उन्होंने ही सार्वजनिक चर्चा में सनातन धर्म शब्द को अधिक प्रमुखता से इस्तेमाल करने की शुरुआत की थी, जबकि पहले हिंदू-हिंदू का प्रयोग अधिक होता था।
दिग्गी ने उषा से किए यह सवाल
इस बातचीत के दौरान उषा ठाकुर कहती हैं कि वे और उनका परिवार अनादि काल से सनातनी हैं। इस पर दिग्विजय सिंह मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं कि “अनादि काल से सनातनी तो तुम हो,” और आगे जोड़ते हैं कि वे किसी भी तरह से सनातन धर्म के विरोधी नहीं हैं। बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह यह भी पूछते हैं कि क्या उन्होंने नर्मदा परिक्रमा की है या एकादशी का व्रत करती हैं, जिससे बातचीत धार्मिक आचरण और व्यक्तिगत आस्था की ओर मुड़ जाती है।
दिग्गी को सनातनी मानती है उषा ठाकुर
वीडियो के अंत में उषा ठाकुर यह कहती हैं कि व्यक्तिगत रूप से वे दिग्विजय सिंह को सनातनी मानती हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से इस स्वीकारोक्ति को और स्पष्ट किए जाने की जरूरत है। वे यह भी जोड़ती हैं कि यदि वे सनातन धर्म को मानते हैं तो उन्हें न्यायालय के निर्णयों का सम्मान करना चाहिए। इस पर दिग्विजय सिंह प्रतिक्रिया देते हुए कहते हैं कि उन्होंने कभी किसी निर्णय का विरोध नहीं किया है और यह धारणा गलत है कि उन्होंने ऐसा किया है।
राजनीतिक और धार्मिक चर्चा में नया मोड़
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे विचारों के खुले आदान-प्रदान का उदाहरण मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक बयानबाजी से जोड़कर देख रहे हैं।
दीपा श्रीवास्तव की विशेष रिपोर्ट
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
