मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा : मां शादा के दर्शन को निकला परिवार, रास्ते में मौत बनकर आया ट्रक, तीन श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कई जूझ रहे जिंदगी से

मैहर। मध्यप्रदेश के देवी धाम मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां के अमदरा थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी है। इस भीषण टक्कर में जहां तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, वहीं दो दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा सोमवार की देर रात नेशनल हाइवे-30 पर हुआ है। हादसा इतना भयावह था कि ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार लोग दूर तक जा गिरे।
खुशियों से भरी यात्रा में पसरा मातम
जानकारी के अनुसार कटनी जिले के रीठी क्षेत्र का लोधी परिवार अपने परिचितों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मैहर स्थित मां शारदा मंदिर दर्शन के लिए निकला था। परिवार में भक्ति और उत्साह का माहौल था, लेकिन रात करीब 1रू30 बजे सुरमा मोड़ के पास पहुंचते ही यह यात्रा चीख-पुकार में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को पीछे से टक्कर मारने के बाद दो बार और जोरदार टक्कर मारी। लगातार टक्करों से ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
सड़क पर बिखरीं चीखें और खून
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई श्रद्धालु ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कई घायल सड़क पर तड़पते रहे। स्थानीय ग्रामीण और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। इसी दौरान घायलों को बचाने पहुंचे एक युवक को भी दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक श्रद्धालु पुरुष की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि गंभीर घायल रजनी लोधी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
राहत कार्य में जुटे थाना प्रभारी भी घायल
घटना की सूचना मिलते ही अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वे खुद घायलों को बाहर निकालने में लगे थे। इसी दौरान एक और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है।
कई घायल जबलपुर रेफर, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार 12 गंभीर घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
