मप्र में गर्मी का सितम : देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हुआ खजुराहों भोपाल-इंदौर के भी हाल बेहाल, चार दिन तक राहत की उम्मीद नहीं

भोपाल। मध्यप्रदेश में शरीर को झुलसाने वाली भीषण गर्मी कहर जारी है। लगातार बढ़ते तापमान और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को झकझोर कर रख दिया है। पिछले 24 घंटे में सूबे के 22 शहरों का पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इतना ही ही नहीं खजुराहो देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। यहां के तापमान 46.8 डिग्री रहा। मध्य प्रदेश में गर्मी अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई जिलों में लू का असर और खतरनाक हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत बड़े शहरों में इस बार गर्मी पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा दर्ज की गई है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी ऊंचा बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के कई जिलों में आज भी लू का अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में तीव्र लू की भी चेतावनी दी गई है।
खजुराहो बना सबसे गर्म शहर
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया, जहां पारा 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नौगांव में 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा राजगढ़ में 45.5 डिग्री, रतलाम में 45.4 डिग्री, दतिया में 45.3 डिग्री और खंडवा में 45.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कें और बाजार सूने नजर आए। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
भोपाल-इंदौर में भी हाल बेहाल
राजधानी भोपाल में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि इंदौर में 44.3 डिग्री और उज्जैन में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। शहरों में दोपहर के समय सन्नाटा जैसा माहौल दिखाई दिया। लोग सिर ढंककर और पानी की बोतल साथ लेकर निकलते नजर आए।
कई जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में अत्यधिक गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, शाजापुर, खरगोन, बुरहानपुर, देवास, सीहोर और विदिशा समेत कई जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है।
रातों की गर्मी भी बढ़ा रही परेशानी
दिन के साथ अब रातें भी लोगों को परेशान करने लगी हैं। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री तक पहुंच गया है। सागर और इंदौर में रात का तापमान करीब 29 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। गर्म रातों के कारण लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
