प्रदेश मे आज क्या-क्या हुआ? : जानिए दिनभर की टॉप हेडलाइंस, सीएम साय का अंदाज , अमित शाह का दौरा , भाजपा में शोक, प्रशासन पर सवाल और CBI की कार्यवाही

राजनीति से प्रशासन तक, छत्तीसगढ़ मे आज रविवार को दिनभर क्या-क्या हुआ? पढ़िए आज की प्रमुख खबरें
ठेले पर पहुंचे सीएम साय, लखपति दीदी के हाथों खायी पानीपुरी
सुशासन तिहार के तहत लेमरू पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अलग अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले सीएम साय लखपति दीदी मंजू के गुपचुप ठेले पर पहुंचे और पानीपुरी का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने मंजू को प्रोत्साहित करते हुए गिफ्ट स्वरूप लिफाफा भी दिया। इस दौरान मौजूद वित्त मंत्री ने भी जेब से बटुआ निकालकर सहयोग किया। सीएम का यह सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष का निधन, भाजपा में शोक की लहर
राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त एवं मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा का हैदराबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के मुताबिक, भरत मटियारा दो बार कांकेर भाजपा जिला अध्यक्ष रहे और दूसरी बार मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बनाए गए थे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज आयेगे छत्तीसगढ़
केंद्रीय गृहमंत्री आज तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दौरे के दौरान अमित शाह भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा भी कर सकते हैं। उनके कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन और प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नायब तहसीलदार की लगाई क्लास
सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान आरंग थाना क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में स्थानीय लोगों ने प्रशासन के सामने कई शिकायतें रखीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सांसद के सामने ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय समोदा मे पदस्थ नायब तहसीलदार गजानंद सिदार की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए। लोगों ने राजस्व मामलों में देरी और पैसों के लेन-देन की शिकायत की। शिकायतें सुनने के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मौके पर ही नायब तहसीलदार को जमकर फटकार लगाई।
रेलवे भर्ती के नाम पर ठगी, CBI ने रायपुर-दुर्ग से दो कर्मचारियों को पकड़ा
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी करने वाले दो रेलवे कर्मचारियों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रायपुर और दुर्ग में की गई। सीबीआई ने अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी और रेलवे कर्मचारी बी. राजशेखर राव को दुर्ग से, जबकि रेलवे कर्मचारी और वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी को रायपुर से गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों ने रेलवे भर्ती कराने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये वसूले।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
