गर्भवती पत्रकार से धक्का-मुक्की का मामलाः : पीड़ित की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 3 नवंबर को करेगा सुनवाई, जारी हो चुका है नोटिस

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट परिसर में प्रदर्शन के दौरान गर्भवती पत्रकार से धक्का-मुक्की मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। महिला पत्रकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 3 नवंबर को सुनवाई करेगा। शीर्ष अदालत याचिका में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों पर सुनवाई करेगा। अदालत ने स्पष्ट किया कि गर्भवती महिला पत्रकार रिचा पराशर की याचिका पर राहुल गांधी को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट परिसर में विपक्षी नेताओं के मार्च के दौरान का है। यह मार्च मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने निकाला था। पत्रकार रिचा पराशर का आरोप है कि प्रदर्शन को कवर करते समय राहुल गांधी ने उनका हाथ पकड़कर आक्रामक तरीके से खींचा। इसके बाद उनके सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया, जिससे वह गिर गईं। पत्रकार के मुताबिक, घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उस समय वह तीन महीने की गर्भवती थीं।
वकील गौरव भाटिया ने उठाया मामला
मंगलवार को वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के समक्ष याचिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मामले को अभी तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया गया है। इस पर सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ ने बताया कि नोटिस पहले ही जारी हो चुका है और सुनवाई 3 नवंबर को होगी।
कांग्रेस ने आरोपों को बताया राजनीतिक रूप से प्रेरित
कांग्रेस ने आरोपों से इनकार किया है और उन्हें राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने घटना से संबंधित वीडियो भी साझा किए हैं तथा सवाल उठाए हैं कि क्या फुटेज से राहुल गांधी पर लगाए गए आरोप साबित होते हैं।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश
इससे पहले 15 अक्टूबर को सीजेआई सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने सुप्रीम कोर्ट परिसर और उसके आसपास राजनीतिक प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित याचिका पर नोटिस जारी किया था। अदालत ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
