एमपी अजब है.... : थाने के लॉकअप में ‘मुर्गा गिरफ्तार’! पुलिस बोली- चिकन पार्टी नहीं, खुद पहुंच गया अंदर

छतरपुर। एमपी अजब है एमपी गजब है ये लाइन आपने कई बार सुनी होगी लेकिन छतरपुर से आई ये खबर सुनकर आप भी कहेंगे “वाह रे सिस्टम!” दरअसल यहां के लवकुश नगर पुलिस चौकी की हवालात में मुर्गा बंद नजर आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब मुर्गा तो बेचारा सलाखों के पीछे पहुंच गया, लेकिन उसकी फोटो सोशल मीडिया पर पहुंची तो पुलिस की किरकिरी हो गई।थाने के लॉकअप में बंद इस मुर्गे की तस्वीर देखकर लोग पूछ रहे हैं“आखिर इसका जुर्म क्या था?”
वायरल वीडियो में क्या है
वीडियो में मुर्गा हवालात के अंदर घूमता दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। लवकुशनगर थाना क्षेत्र की अक्टोहां चौकी परिसर का मामला बताया जा रहा है। हालांकि जब पुलिसकर्मियों से इस घटना के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने सफाई में कहा, गलती से अंदर आया था।
हालांकि, मामले को लेकर एसडीओपी नवीन दुबे ने सफाई दी है। उनका कहना है कि मुर्गा गलती से हवालात के अंदर घुस गया था। उसी दौरान किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना चार महीने पुरानी है। दरअसल चौकी के पड़ोस में रहने वाले एक किसान का मुर्गा उड़कर थाने में आ गया था। क्योंकि उसके पीछे कुत्ता पड़ा हुआ था। इसलिए वो हवालात में था...बाद में चौकी प्रभारी ने मुर्गे को उसके मालिक को सौंप दिया गया था. वहीं मामले की पूरी जांच करने की बात भी अधिकारी कह रहे हैं।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
