सवाल जो कोई नहीं पूछता : "दान मंदिर को, सवाल समाज से" !!

-Umeesh Gupta
तुलसी विवाह की परंपरा और 30 वर्षों तक भिक्षा माँगने वाली महिला का 1.5 लाख रुपये का दान, क्या हमारी धार्मिक चेतना उन असहज सवालों का सामना करने को तैयार है ?
कार्तिक का महीना और घर-घर तुलसी विवाह की तैयारियां। कहीं तुलसी के पौधे को सजावट, कहीं गन्ने का मंडप, तो कहीं शालिग्राम के साथ विवाह के संस्कार । तुलसी विवाह केवल एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता और जीवन-संवेदना से जुड़ी हमारी सांस्कृतिक परंपरा है। "इसी उत्सव के बीच आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के तुनी शहर से आई एक घटना धर्म, दान और सामाजिक प्राथमिकताओं पर गंभीर आत्ममंथन का अवसर देती है।"
लगभग तीन दशकों से मंदिरों के बाहर भिक्षा माँगकर अपना जीवन चलाने वाली गोरली नरसम्मा ने अपनी छोटी-छोटी बचत से 1.5 लाख रुपये मंदिरों को दान कर दिए। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने दरालम्मा मंदिर में विशाल त्रिशूल के निर्माण के लिए एक लाख रुपये और विकास कार्यों के लिए 50 हजार रुपये दिए। इससे पहले भी वे श्रीशैलम मंदिर में देवी भ्रामराम्बिका के लिए सोने की आँखें, अन्य मंदिरों में नकद राशि और अन्नदान के लिए चावल समर्पित कर चुकी हैं।
जिस व्यक्ति की अपनी आजीविका दूसरों की दी हुई भिक्षा पर निर्भर हो, उसका अपनी सीमित बचत से इतना बड़ा दान देना श्रद्धा, त्याग और समर्पण का असाधारण उदाहरण है। नरसम्मा की आस्था पर कोई प्रश्न नहीं है और अपनी बचत का उपयोग अपनी इच्छा से करने का उन्हें पूरा अधिकार है। लेकिन यहाँ सवाल उनकी श्रद्धा से नहीं, बल्कि उस सामाजिक मानसिकता से है जो धार्मिक दान की भव्यता और त्याग की कहानियों को तो खूब सराहती है, पर जरूरतमंद इंसान की बुनियादी जिंदगी पर उतना ध्यान नहीं देती।
तुलसी विवाह में हम तुलसी को बेटी मानकर भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से उसका विवाह कराते हैं और कन्यादान व मंगल गीतों के साथ दायित्व निभाने की भावना को पूजते हैं। यह परंपरा हमें रिश्तों और जिम्मेदारी का बोध कराती है, लेकिन इसका अर्थ तभी पूरा होता है जब हम अपने आसपास की वास्तविकताओं से आँख न मूँदें। हमारे समाज में आज भी ऐसी अनेक बेटियाँ हैं जिनके माता-पिता आर्थिक अभाव में उनकी शिक्षा और विवाह को लेकर चिंतित हैं, ऐसे बुजुर्ग हैं जिनके पास दवा के पैसे नहीं हैं, और ऐसे बच्चे हैं जिनकी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे छूट जाती है। तुलसी को जल चढ़ाना पवित्र है, पर प्रकृति और आसपास के जीवन के प्रति संवेदनशील बने रहना भी उसी आस्था का स्वाभाविक विस्तार होना चाहिए।

हमारे धर्मग्रंथों ने दान को केवल धन देने की क्रिया नहीं माना, बल्कि विवेक और पात्रता से जोड़ा है।
"श्रीमद्भगवद्गीता (अध्याय 17, श्लोक 20)" में कहा गया है_
"दातव्यमिति यद्दानं दीयतेऽनुपकारिणे।
देशे काले च पात्रे च तद्दानं सात्त्विकं स्मृतम्॥"
अर्थात् कर्तव्य समझकर, बिना प्रतिफल की अपेक्षा के, उचित समय, स्थान और सुपात्र को दिया गया दान सात्त्विक होता है।
वहीं "तैत्तिरीयोपनिषद्"का निर्देश है_
"श्रद्धया देयम्। अश्रद्धयाऽदेयम्।"
अर्थात् दान श्रद्धा, मर्यादा और समझ के साथ होना चाहिए।
यह विचार धर्म और मानवता को एक-दूसरे के विरोध में खड़ा करने के लिए नहीं है। मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं की भूमिका केवल पूजा-पाठ तक सीमित रहने के बजाय शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नदान और जरूरतमंदों के सहारे का माध्यम भी बन सकती है। साथ ही, समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। "नरसम्मा" की दानशीलता का सम्मान करते हुए उनकी गरिमा, स्वास्थ्य और बुढ़ापे की सुरक्षा की चिंता करना समाज का कर्तव्य है। "किसी गरीब का दान महान हो सकता है, लेकिन उसकी गरीबी को सामान्य मान लेना किसी भी संवेदनशील समाज की उपलब्धि नहीं हो सकता।"
तुलसी विवाह के दीप और मंगल गीत तभी अधिक सार्थक लगते हैं, जब हमारी आस्था का प्रकाश घरों की चौखट से निकलकर उन लोगों तक पहुँचे जिन्हें वास्तव में सहारे की जरूरत है।
"ईश्वर को प्रसन्न करने के प्रयासों के साथ-साथ ईश्वर की बनाई दुनिया में किसी जरूरतमंद का जीवन बेहतर बनाने के लिए हम क्या करते हैं_यही वह सवाल है, जो कोई नहीं पूछता।"
लेखक TV 27 News में 'कंसल्टिंग एडिटर एवं वाइस प्रेसिडेंट" एवं " मीडिया प्रबंधन" में PhD शोधार्थी हैं
यह भी पढ़े...
सवाल जो कोई नहीं पूंछता : "देवउठनी एकादशी"- देवता तो जाग गए, समाज कब जागेगा ?
सवाल जो कोई नहीं पूछता : "सुख-सुविधाओं के उजालों में रिश्तों का अंधेरा: एक वैचारिक मंथन"
सवाल जो कोई नहीं पूछता : चांद, करवाचौथ और बंद कमरों में रिश्तों का हिसाब!
सवाल जो कोई नहीं पूंछता : आजादी के 79 साल बाद, गांधी और शास्त्री क्यों जरूरी हैं?
सवाल जो कोई नहीं पूछता : 99% अंक लेकर भी नौकरी नहीं… आखिर हमारी मेरिट किस काम की?
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
