झीलों की नगरी में आज से सजेगा महिला हॉकी का महाकुंभ : छह देशों के बीच होगी खिताबी जंग, भारत मलेशिया के खिलाफ करेगा अभियान का आगाज

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी के रोमांचक मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। आज गुरुवार से नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और और मप्र के खेल मंत्री विश्वास सारंग भव्य आगाज करेंगे। प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। मेजबान भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला शाम 4:35 बजे खेला जाएगा
चौथी बार खिताब जीतने पर भारत की नजर
मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम इस बार चौथा खिताब जीतकर प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी। भारत अब तक तीन बार यह प्रतिष्ठित खिताब जीत चुका है। वर्ष 2026 में भारतीय टीम ने विश्व कप क्वालीफायर और एफआईएच महिला नेशंस कप में शानदार प्रदर्शन किया है। इसके अलावा एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर भी देश का गौरव बढ़ाया है।
पहले दिन तीन मुकाबले होंगे। दोपहर 1 बजे चीन और थाईलैंड, 3:15 बजे जापान और दक्षिण कोरिया तथा शाम 4:35 बजे भारत और मलेशिया आमने-सामने होंगे। लीग चरण में प्रत्येक टीम पांच मुकाबले खेलेगी। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। 27 नवंबर को सेमीफाइनल और 28 नवंबर को पदक मुकाबले खेले जाएंगे।
900 करोड़ के स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स का होगा लोकार्पण
भोपाल के खेल इतिहास में 22 नवंबर का दिन भी ऐतिहासिक होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण करेंगे। लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परिसर मध्यप्रदेश को विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना की नई पहचान देगा। समारोह में प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे।
मंत्री सारंग ने परखी तैयारियां
खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खिलाडिय़ों, अतिथियों और दर्शकों की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने कहा कि यह आयोजन मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे प्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और बेटियों सहित युवा खिलाडिय़ों को विश्वस्तरीय हॉकी से प्रेरणा मिलेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
