शुक्रवार, 12 जून 202611:37:21 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

CM Kisan Helpline Number 155253 : खाद की कालाबाजारी,अवैध भंडारण और नकली उर्वरकों बिक्री की सूचना दे और खटाखट 1 हजार का इनाम पाए

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Jun 12, 2026
04:22 AM
खाद की कालाबाजारी,अवैध भंडारण और नकली उर्वरकों बिक्री की सूचना दे और खटाखट 1 हजार का इनाम  पाए

भोपाल। मुख्यमंत्री किसान हेल्पलाइन के तहत मध्यप्रदेश सरकार ने 'इंफॉर्मेशन इंसेंटिव स्कीम' शुरू की है, जिसका उद्देश्य किसानों को खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और नकली उर्वरकों की बिक्री के खिलाफ सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत सही सूचना देने वाले शिकायतकर्ता को एक हजार रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने 30 अप्रैल 2026 को सीएम किसान हेल्पलाइन नंबर 155253 की शुरुआत की थी। अब इसी हेल्पलाइन के माध्यम से किसान और आम नागरिक खाद की ब्लैक मार्केटिंग, अवैध स्टॉकिंग और नकली उत्पादों की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

सही सूचना पर मिलेगा 1 हजार रुपये का इनाम

यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है और संबंधित मामले में कार्रवाई होती है, तो शिकायतकर्ता के बैंक खाते में एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। यह भुगतान संबंधित कलेक्टर कार्यालय की ओर से किया जाएगा। खाद से जुड़ी शिकायतें सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक हेल्पलाइन पर दर्ज कराई जा सकेंगी।

खरीफ सीजन से पहले सरकार अलर्ट

मध्यप्रदेश में खरीफ सीजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। किसान खेतों को बोवनी के लिए तैयार कर रहे हैं। जिन क्षेत्रों में सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध हैं, वहां खेती की गतिविधियां तेज हो गई हैं, जबकि वर्षा आधारित खेती करने वाले किसान मानसून का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में उर्वरकों की मांग बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सरकार ने खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है।

Womens T20 World Cup : भारतीय टीम पर सबकी निगाहें , 14 को भारत और पाक होंगे आमने-सामने

उर्वरक आपूर्ति के लिए नियुक्त होंगे नोडल अधिकारी

हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खरीफ सीजन के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सभी मंत्रियों और विधायकों को भी सतर्क रहने को कहा। फर्टिलाइजर सप्लाई की निगरानी और समन्वय के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर खाद की कमी या अनियमितता न हो।

सप्ताह के सातों दिन मिलेगी कृषि सलाह

सीएम किसान हेल्पलाइन 155253 सप्ताह के सातों दिन संचालित की जा रही है। किसान इस हेल्पलाइन के माध्यम से खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न जानकारियां और तकनीकी सलाह प्राप्त कर सकते हैं। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कृषि विशेषज्ञों से परामर्श उपलब्ध रहेगा। वहीं, जटिल समस्याओं के समाधान के लिए किसानों की कृषि वैज्ञानिकों से अपॉइंटमेंट भी कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कृषि विभाग के अधिकारियों को सीधे किसानों से जोड़ा जाएगा।

किसानों से सरकार की अपील

सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या नकली उत्पादों की जानकारी मिलने पर तत्काल 155253 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। किसानों की सतर्कता न केवल दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, बल्कि जरूरतमंद किसानों तक समय पर उर्वरकों की उपलब्धता भी बनाए रखने में मदद करेगी।

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें