आर्टेमिस II मिशन : एस्ट्रोनॉट ने चांद के करीब से भेजी अद्भुत तस्वीरें, झलकता दिखा नीली धरती का मनमोहन दृश्य

नई दिल्ली। नासा के आर्टेमिस II मिशन पर गए अंतरिक्ष यात्रियों ने चांद के नजदीक पहुंचते हुए धरती की ऐसी अद्भुत तस्वीरें भेजी हैं, जिन्होंने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया है। कमांडर रीड वाइजमैन द्वारा ली गई तस्वीरों में अंतरिक्ष की नीरवता के बीच नीली धरती का मोहक दृश्य साफ झलकता है। ओरियन कैप्सूल की खिड़की से दिखाई देता पृथ्वी का घुमावदार किनारा मानो ब्रह्मांड में जीवन की अनमोल मौजूदगी का अहसास कराता है।
दूसरी तस्वीर में महासागरों की गहराई, बादलों की सफेदी और ऑरोरा की हरी चमक धरती को एक जीवंत कलाकृति जैसा बना देती है। ये तस्वीरें न केवल वैज्ञानिक उपलब्धि हैं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी इंसान को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं।
पहली बार चंद्रमा के इतने करीब पहुंचा इंसान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पिछले आधे से ज्यादा सदी में पहली बार है जब इंसान चंद्रमा के इतने करीब पहुंचा है। नासा ने एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, आर्टेमिस II क्रू द्वारा ली गई इस तस्वीर में धरती पर इंसानी गतिविधियों की रोशनी दिखाई दे रही है। नीचे की ओर सूर्य की रोशनी धरती के किनारे को रोशन कर रही है।
नाशा ने लिखी यह बात
पहली तस्वीर में ज्यादा शटर स्पीड के कारण धरती से आने वाली रोशनी ज्यादा कैद हुई, जबकि दूसरी तस्वीर में कम शटर स्पीड के जरिए रात में चमकती धरती को बेहतर तरीके से दिखाया गया है। एक अन्य तस्वीर में धरती पर दिन और रात के बीच की साफ सीमा दिखाई देती है, जिसे टर्मिनेटर कहा जाता है। नासा ने इस तस्वीर के साथ लिखा, चाहे हम जाग रहे हों या सपने देख रहे हों, हम सभी इसी ग्रह पर साथ हैं।
सोमवार तक चन्द्रमा के करीब पहुंचेंगे यात्री
एक्सप्लोरेशन सिस्टम लीडर लकीशा हॉकिन्स ने कहा, यह सोचकर अच्छा लगता है कि हमारे चार अंतरिक्ष यात्रियों को छोड़कर इस तस्वीर में हम सभी शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन अच्छी तरह से आगे बढ़ रहा है। शुक्रवार देर शाम तक नासा के अंतरिक्ष यात्री धरती से करीब 1,80,000 किलोमीटर दूर पहुंच चुके थे, और चंद्रमा के पास पहुंचने के लिए उन्हें अभी करीब 2,40,000 किलोमीटर और यात्रा करनी है, जहां वे संभवतः सोमवार तक पहुंचेंगे।
तीन अमेरिकी और एक कनाडाई सदस्य की टीम अपने ओरियन कैप्सूल में सवार होकर चंद्रमा का चक्कर लगाने, यू-टर्न लेने और बिना लैंडिंग किए सीधे धरती पर वापस लौटने की योजना बना रही है। यह टीम 1972 में हुए अपोलो 17 के बाद चंद्रमा तक पहुंचने वाली पहली मानव टीम बन गई है।
Ganesh Sir
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
