सोमवार, 6 अप्रैल 202610:09:58 PM
Download App
Home/देश

म‍हाकुंभ वाले IIT बाबा : महाकुंभ में चर्चा में आए ‘आईआईटी बाबा’ उर्फ अभय सिंह ने रचाई शादी

a

admin

Apr 06, 2026
11:37 AM
महाकुंभ में चर्चा में आए ‘आईआईटी बाबा’ उर्फ अभय सिंह ने रचाई शादी

महाकुंभ में धूम मचाने वाले ‘आईआईटी बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध अभय सिंह अब शादी के बंधन में बंध चुके हैं। उन्होंने फरवरी महीने में कर्नाटक की एक इंजीनियर युवती से विवाह किया। शादी के बाद वे पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए हैं।

अभय सिंह की पत्नी का नाम प्रतीका है। दोनों ने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में विवाह किया। इसके बाद 19 फरवरी को उन्होंने कोर्ट मैरिज भी की। अभय सिंह की शादी का खुलासा तब हुआ, जब वे अपनी पत्नी के साथ अपने पिता के चैंबर पहुंचे। उनके पिता कर्ण सिंह पेशे से वकील हैं।

कौन हैं अभय सिंह की पत्नी?

अभय सिंह की पत्नी प्रतीका कर्नाटक की रहने वाली हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में प्रतीका ने बताया कि उनकी अभय सिंह से एक साल पहले मुलाकात हुई थी। उन्हें अभय का स्वभाव बहुत पसंद आया, जिसके बाद दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। प्रतीका ने यह भी बताया कि वे अपने सास-ससुर से मिलने के लिए झज्जर आए हैं। साथ ही, दोनों भविष्य में एक ‘सनातन यूनिवर्सिटी’ स्थापित करने की योजना बना रहे हैं।

कौन हैं अभय सिंह?

‘आईआईटी बाबा’ के नाम से मशहूर अभय सिंह का जन्म हरियाणा के झज्जर जिले में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हरियाणा में ही पूरी की। 12वीं के बाद उन्होंने आईआईटी-जेईई की तैयारी की और साल 2008 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 731 हासिल की।

इसके बाद उन्होंने आईआईटी बॉम्बे में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में दाखिला लिया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कनाडा की एक विमान निर्माण कंपनी में काम किया। बताया जाता है कि उन्होंने करीब 35 लाख रुपये सालाना पैकेज की नौकरी छोड़ दी और लॉकडाउन के दौरान भारत लौट आए।

महाकुंभ से मिली पहचान

महाकुंभ से पहले तक अभय सिंह गुमनाम जीवन जी रहे थे, लेकिन जूना अखाड़ा से जुड़ने के बाद उन्हें मीडिया में पहचान मिलने लगी। जब उन्होंने आईआईटी से पढ़ाई और उच्च वेतन वाली नौकरी छोड़कर साधु बनने की अपनी कहानी साझा की, तो वे तेजी से चर्चा में आ गए। इसी दौरान उन्हें ‘आईआईटी बाबा’ के नाम से नई पहचान मिली। हालांकि, उनके कुछ बयानों के कारण वे विवादों में भी रहे और एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें अपने अखाड़े से बाहर कर दिया गया।

प्रयागराज महाकुंभ में चर्चा में आई माला बेचने वाली लड़की मोनालिसा ने भी हाल ही में विवाह किया। उसने केरल के एक मंदिर में अपने मुस्लिम प्रेमी फरमान खान से शादी की। इस विवाह को लेकर काफी विवाद हुआ और ‘लव जिहाद’ जैसे आरोप भी लगाए गए। मोनालिसा के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया और यह मामला अभी भी चर्चा में बना हुआ है।

a
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें