सोमवार, 6 अप्रैल 202608:26:17 PM
Download App
Home/देश

बीजेपी का अगला मिशन तय : पीएम मोदी ने यूसीसी और वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर किया बड़ा ऐलान

a

admin

Apr 06, 2026
10:05 AM
पीएम मोदी ने यूसीसी और वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर किया बड़ा ऐलान

नई दिल्ली। भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन केवल एक औपचारिक भाषण नहीं, बल्कि विचारधारा, समर्पण और भविष्य के संकल्पों का सशक्त प्रतिबिंब था। इस खास मौके पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की ताकत, उसकी मूल भावना और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भाजपा को एक साधारण राजनीतिक दल से ऊपर उठाकर एक “परिवार” और “मां” के रूप में प्रस्तुत किया, जिससे कार्यकर्ताओं का भावनात्मक जुड़ाव साफ झलकता है। साथ ही, यूनिफॉर्म सिविल कोड और वन नेशन वन इलेक्शन जैसे बड़े लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आने वाले समय की दिशा भी स्पष्ट की। यह संबोधन न केवल उत्साहवर्धन करने वाला था, बल्कि देश के राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा की आगामी रणनीति और दृष्टिकोण की झलक भी देता है।

शिखर पर है भाजपा

पीएम मोदी ने कहा कि इस समय जिन पांच राज्यों में चुनाव है, वहां भी पार्टी में एक नई ऊर्जा देख रहा हूं। कार्यशैली में नयापन देख रहा हूं। ऐसा लग रहा है कि नितिन नवीन ने पार्टी में नवीनता भर दी है। आज भाजपा जिस शिखर पर है, उसकी चमक सबको दिखती है, लेकिन यहां तक पहुंचने में लाखों कार्यकर्ताओं का जो श्रम है, उन्होंने जो तप और त्याग की पराकाष्ठा की है, वह वही जान सकता है जो इस पार्टी के संकल्पों के लिए समर्पित होकर स्वयं इस साधना का हिस्सा रहा है।

पीएम ने बताई भाजपा की उपलब्धियां

उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र की कितनी ही उपलब्धियां भाजपा के नाम पर हैं। देश में लंबे अंतराल के बाद किसी पार्टी को इतना स्पष्ट जनमत मिला है, लेकिन हम इस सफलता की विवेचना करें तो हमें नीयत, नीति, निष्ठा, एक लंबी यात्रा भाली भाति देख सकते हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विशाल और पवित्र वट वृक्ष के नीचे हमें साफ नीयत के साथ सुचिता के साथ राजनीति में कदम रखने की प्रेरणा मिली। फिर शुरुआत के कुछ दशकों में हमने संगठन के लिए नीतियां निर्धारित करने में अपनी ऊर्जा लगाई।

चुनौतियों का सामना करने भाजपा कर रही है कोशिश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश जानता है कि हर चुनौती का सामना करने के लिए भाजपा ईमानदारी से कोशिश कर रही है और आगे भी करेगी। पहले भी सकारात्मक नतीजे मिले हैं और आगे भी मिलेंगे। अंग्रेजों के दौर के सैकड़ों काले कानूनों का अंत, लोकतंत्र के लिए नए संसद भवन का निर्माण, सामान्य समाज के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, कानून बनाकर तीन तलाक पर रोक, सीएए, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, ऐसे कितने ही काम हैं जो भाजपा के ईमानदार प्रयासों का नतीजा हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं को दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं

हमारा मिशन अब भी जारी है। यूनिफॉर्म सिविल कोड, वन नेशन वन इलेक्शन, ऐसे सभी विषयों पर आज देश में एक गंभीर चर्चा हो रही है। हमारा लक्ष्य एक विकसित भारत, एक आत्मनिर्भर भारत बनाना है और हम इस लक्ष्य को पाने के लिए बिना किसी स्वार्थ के काम करते रहेंगे। कुछ वर्षों में भाजपा अपने पचास साल पूरे करने जा रही है। यह बहुत बड़ी प्रेरणा है। हमें नए लक्ष्यों पर मंथन भी करना है और बदलती टेक्नोलॉजी के इस दौर में खुद को भी झोंक देना होगा। एक बार फिर मैं अपने करोड़ों कार्यकर्ताओं को भाजपा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देता हूं।

a
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें