Latest News

नीरज द्विवेदी
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे की जाती है। यह आरती अत्यंत दिव्य और अनूठे तरीके से की जाती है। यहां होने वाली यह इकलौती ऐसी आरती है जिसमें बाबा महाकाल का श्रृंगार पवित्र भस्म से किया जाता है. यह आरती अपनी दिव्यता, विशिष्टता और धार्मिक महत्व के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। इसी कड़ी में फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले गर्भगृह के बाहर से बाबा के दर्शन कर श्रद्धा भाव से माथा टेका। इसके बाद तीनों कलाकार नंदी हॉल में पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की।
नंदी हॉल में बैठकर तीनों ने पारंपरिक मान्यता के अनुसार नंदी महाराज के कान में अपनी-अपनी मनोकामनाएं भी व्यक्त कीं। धार्मिक मान्यता है कि नंदी के कान में कही गई प्रार्थना सीधे भगवान शिव तक पहुंचती है और श्रद्धा से मांगी गई मुराद शीघ्र पूर्ण होती है। इस दौरान अक्षय,टाइगर और डिंपल कुछ समय तक नंदी हॉल में ध्यानमग्न भी रहे और बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
दर्शन और पूजन के पश्चात अक्षय कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने बाबा महाकाल से देश, समाज और अपने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की है। अक्षय कुमार ने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे, देश का गौरव विश्व में बढ़ता रहे और सभी नागरिकों का जीवन खुशहाल बने।
महाकाल मंदिर में फिल्मी हस्तियों की उपस्थिति से श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला, वहीं कलाकारों की श्रद्धा और आस्था ने इस धार्मिक अवसर को और भी विशेष बना दिया।
Advertisement
