Latest News
सियासत : लाडली बहना योजना के बहाने दिग्गी ने सरकार को घेरा, कही यह बात, निशाने पर रहे संघ प्रमुख भी
भोपाल। मप्र सरकार की महत्वाकाक्षी लाडली बहना योजना पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और मप्र के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सवाल खड़े किए हैं। साथ ही इस योजना को लेकर दिग्विजय ने संघ प्रमुख मोहन भागवत भी हमला बोला है। उन्होंने यह सियासी हमला सोशल मीडिया के जरिए बोला।
कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखा कि लाडली बहनों को दे रहे 1250 रुपए पर मचाए जा रहे हल्ला में क्या ये पैसा इनके घर से आता है। महंगी शिक्षा, महंगा इलाज और महंगी वस्तुओं के बीच में क्या 1250 रुपए ऊंट के मुंह में जीरा नहीं है? उन्होंने लिखा कि 1250 रुपए की राशि से महिलाएं अपने परिजनों का प्राइवेट अस्पतालों में इलाज नहीं करवा सकतीं, न ही अच्छे सरकारी स्कूलों के अभाव में बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ा सकती हैं और न ही बिजली के बिल का भुगतान कर सकती हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा लाडली बहनों को 1250 रुपए देकर मचाया जाने वाला शोर कई प्रश्न खड़े करता है।
क्या बहने 1250 में तीन संतानों को इंजीनियर और डॉक्टर बना सकती हैं?
दिग्गी ने लाडली योजना के बहाने संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत को भी घेरा है। उन्होंने लिखा कि क्या भागवत साहब ने लाडली बहनों को तीन संतानों को जन्म देने का आह्वान नहीं किया है? क्या 1250 रुपए महीना में लाडली बहनें सरकारी अंग्रेजी स्कूलों के अभाव में महंगे प्राइवेट स्कूलों में तीन संतानों को पढ़ाकर इंजीनियर और डॉक्टर बना सकती हैं? उन्होंने कहा- क्या 1250 रुपए में प्राइवेट अस्पताल में महिलाएं इलाज करा पाएंगी। पौष्टिक आहार देकर कुपोषण से क्या बच्चों को महिलाएं बचा पाएंगी। अपने ट्वीट के अंत में दिग्विजय सिंह ने हैशटैग के पहले सुशील सिंह, अंजना सिंह जबलपुर भी लिखा है, जिससे राजनीतिक हलकों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
Advertisement
Related Post