Latest News
दिग्गी का दावा : अगर हम विंध्य जीत ले तो मप्र में कांग्रेस का वनवास हो जाएगा खत्म, कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर भी साधा निशाना
रीवा। मप्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि अगर हम विंध्य जीत लेंगे तो मप्र में कांग्रेस की सरकार बन जाएगी। दिग्गी ने यह बात पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. श्रीनिवास तिवारी के शताब्दी समारोह में आयोजित कांग्रेस महासम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
पद्मधर पार्क में आयोजित महासम्मेलन को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब हम विंध्य की ज्यादा सीटें जीतेंगे तभी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। दिगगी ने स्व. श्रीनिवास तिवारी को याद करते हुए कहा कि उनकी मुलाकात वर्ष 1977 में हुई थी जब वह पहली बार विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। उनके कार्य करने का तरीका ही अलग था। वह जरूरतमंदों के लिए किसी भी हद तक पहुंचकर उनकी मदद करते थे। आज विंध्य के कई ऐसे लोग हैं जो स्व. श्रीनिवास तिवारी द्वारा किए गए कार्यों के कायल हैं।
केन्द्र सरकार पर साधा निशाना
दिग्विजय ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को 30 से 40 पूंजीपति परिवारों को सौंप दिया है। मोदी सरकार ने साढ़े 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा पूंजीपतियों का माफ किया है। मजदूर, किसानों का एक रुपए तक माफ नहीं किया गया है। उन्होंने पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल की बातों को दोहराते हुए कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. श्रीनिवास तिवारी एवं पूर्व मुख्यमंत्री कुंवर अर्जुन सिंह के बीच कोई भी मतभेद नहीं था, दोनों समाजवादी विचारधारा के नेता थे। पार्टी के हित में दोनों मिल बैठकर कार्य किया करते थे।
दिग्गी ने की महापौर की तारीफ
कांग्रेस नेता महापौर अजय मिश्रा बाबा की तारीफ करते हुए कहा कि आपने स्व. श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा स्थापित कर मर्दानगी का काम किया है। अगर इसी तरह से जोशो खरोश से पार्टी के कार्यकर्ता मर्दानगी दिखा दें तो उनके सामने भारतीय जनता पार्टी टिक नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मानसिकता से कायर है, उसमें इतनी साहस नहीं है कि वह कांग्रेस पार्टी के सामने टिक पाए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता डटकर खड़ा हो जाएगा तो भारतीय जनता पार्टी उसका सामना नहीं कर पाएगी।
Advertisement
Related Post