Latest News
मप्र कांग्रेस : क्या फिर साथ कदमताल करेंगे नाथ-दिग्गी, दोनों की दिल्ली में मुलाकात से गरमाई सियासत
भोपाल। साल 2020 में कांग्रेस की सरकार गिरने को लेकर आमने-सामने हुए कांग्रेस के दो दिग्गज नेता और मप्र के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बीच अब सुलह होती दिखाई दे रही है। इस तरह के कयास दिग्विजय सिंह द्वारा दिए गए एक बयान के बाद से लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ से छोटे मोटे मतभेद रहे हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं रहा है। दिग्गी ने यह बयान नाथ से मुलाकात के बाद दिया है। बता दें कि गुरुवार को दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ से दिल्ली में मुलाकात की थी। दिग्गी ने इस मुलाकात फोटो दिग्गी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया में शेयर की है।
दिग्गी ने एक्स पर लिखा कि कमल नाथ जी और मेरे लगभग 50 वर्षों के पारिवारिक संबंध रहे हैं। हमारे राजनैतिक जीवन में उतार चढ़ाव आते रहे हैं और ये स्वाभाविक भी है। हमारा सारा राजनैतिक जीवन कांग्रेस में रहते हुए विचारधारा की लड़ाई एकजुट हो कर लड़ते हुए बीता है और आगे भी लड़ते रहेंगे। छोटे मोटे मतभेद रहे हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं। उन्होंने आगे लिखा कि कल उनकी मुलाकात हुई। हम दोनों को कांग्रेस पार्टी ने नेतृत्व खूब अवसर दिए और जनता का प्यार सदैव मिलता रहा है। आगे भी हम मिल कर जनता के हित में कांग्रेस के नेतृत्व में सेवा करते रहेंगे।
दोनों दिग्गजों ने एक-दूसरे पर लगाए थे आरोप
आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में 5 साल पहले वाली बंद कमरे की बात को सार्वजनिक किया था। दिग्गी ने बताया था कि उनकी नहीं बल्कि कमलनाथ की वजह से ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में चले गए और सरकार गिर गई। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह पर खुलकर वार किया था। उन्होंने कहा था कि जब मैं सीएम था तो ज्योतिरादित्य सिंधिया को लगता था कि परदे के पीछे सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे हैं। इन दोनों दिग्गजों की बयानबाजी से सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया था। हालांकि अब दिग्विजय सिंह की पोस्ट ने संकेत दिया है कि पार्टी आने वाले समय में पुराने विवादों को पीछे छोड़कर एकजुटता की नई तस्वीर पेश करना चाहती है।
Advertisement
Related Post