Latest News

मल्लांपुर। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। टीम ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के हीरो कूपर कोनोली रहे, जिन्होंने नाबाद 72 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। टीम की ओर से शुभमन गिल ने 39 रन, जोस बटलर ने 38 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन का योगदान दिया। साई सुदर्शन (13) और वाशिंगटन सुंदर (18) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। पंजाब किंग्स की ओर से विजयकुमार वैशाक ने 3 विकेट चटकाए, जबकि युजवेंद्र चहल को 2 और मार्को यानसेन को 1 सफलता मिली।
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने 7 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद कूपर कोनोली और प्रभसिमरन सिंह ने दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। प्रभसिमरन सिंह ने 24 गेंदों में 37 रन बनाए।
मध्यक्रम में नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, लेकिन कूपर कोनोली एक छोर पर मजबूती से टिके रहे। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (18) के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई, जबकि अंत में मार्को यानसेन और जैवियर बार्टलेट के साथ उपयोगी रन जोड़े।
कूपर कोनोली ने 44 गेंदों में 5 चैकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 72 रन बनाकर टीम को 19.1 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचाया। गुजरात टाइटंस की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट हासिल किए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
Advertisement
