Latest News

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीवीआईपी के आने का सिलसिला अनवरत जारी है। इसमें नेता, अभिनेता और क्रिकेटर भी शामिल हैं। इसी क्रम में केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और टीम इंडिया के तेज गेंदबाज उमेश यादव शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी तान्या वाधवा के साथ बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे। क्रिकेटर ने ने पत्नी के साथ भस्म आरती में हिस्सा लिया और विवि विधान से महाकाल की पूजा-अर्चना की।
वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज तड़के करीब 4 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। जहां वे दिव्य भस्म आरती में शामिल हुए। वे करीब दो घंटे तक महाकाल मंदिर में रहे। इस दौरान वे पारंपरिक धोती-सोला में थे। आरती के बाद उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया और नंदी को जल अर्पित किया। मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वैशाख मास के प्रथम दिन बाबा महाकाल के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्व में शांति की कामना करते हुए बताया कि भस्म आरती में शामिल होकर उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई है।
यह बोले उमेश यादव
वहीं बाबा महाकाल के दर्शन के बाद उमेश यादव ने कहा कि वह अक्सर आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर आते हैं और उनका मानना है कि भगवान महाकाल के बुलाए बिना कोई भी यहां नहीं आ सकता। उन्होंने कहा, अनुभव बहुत अच्छा था। मैं यहां अक्सर आता रहता हूं, और जैसा कि कहते हैं, आप यहां बुलाए बिना नहीं आ सकते, इस बार का एहसास सच में खास था। बाबा का दर्शन करके बहुत अच्छा लगा। मैंने अपनी हर योजना और आगे जो कुछ भी है, उसके लिए बाबा का आशीर्वाद मांगा।
उमेश यादव ने कहा, मैं बस उम्मीद करता हूं कि मेरी जिंदगी बेहतर होती रहे और मेरे सारे काम अच्छे से हों। मैं दुनिया में सभी की भलाई के लिए भी प्रार्थना करता हूं, बाबा का आशीर्वाद हमेशा सभी पर बना रहे। 38 साल के उमेश यादव लगभग 3 साल से भारतीय टीम से बाहर हैं। 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे उमेश 57 टेस्ट, 75 वनडे और 9 टी20 खेल चुके हैं। टेस्ट में उनके नाम 170, वनडे में 106 और टी20 में 12 विकेट हैं।
Advertisement
