Latest News

नीरज द्विवेदी
न्यू चंडीगढ़। आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में Punjab Kings (पीबीकेएस) का सामना आज Gujarat Titans (जीटी) से महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लनपुर में होगा। पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में Royal Challengers Bengaluru से छह रन से हार गई थी। ऐसे में Shreyas Iyer की कप्तानी में टीम इस सीजन की जीत के साथ शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
दोनों टीमों के लिए यह आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला है, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। पंजाब की कमान जहां श्रेयस अय्यर संभाल रहे हैं, वहीं गुजरात टाइटन्स की अगुवाई Shubman Gill कर रहे हैं।
पिछले सीजन पर नजर डालें तो पंजाब किंग्स लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर थी और पूरे टूर्नामेंट में सबसे सुसंगत टीमों में शामिल थी। बल्लेबाजी में प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और फिनिशर शशांक सिंह पर टीम को मजबूत शुरुआत और बेहतर अंत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। वहीं गेंदबाजी की अगुवाई Yuzvendra Chahal करेंगे, जिन्हें Arshdeep Singh, वैशाक विजयकुमार और मार्को जेन्सन का समर्थन मिलेगा। अर्शदीप ने पिछले सीजन में 21 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।

हेड-टू-हेड आंकड़ों की बात करें तो पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच अब तक छह मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच अपने नाम किए हैं। आंकड़ों के लिहाज से मुकाबला बराबरी का है, हालांकि मौजूदा टीम संतुलन को देखते हुए गुजरात का पलड़ा थोड़ा भारी माना जा रहा है।
पंजाब किंग्स के पास श्रेयस अय्यर के अलावा मार्कस स्टॉयनिस, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। वहीं गुजरात टाइटन्स की टीम में शुभमन गिल के साथ Jos Buttler, Rashid Khan और Mohammed Siraj जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जो विपक्षी टीम पर दबाव बनाने में सक्षम हैं।
टीम की बात करें तो गुजरात टाइटन्स की सलामी जोड़ी काफी मजबूत नजर आती है। कप्तान शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन पारी की शुरुआत करेंगे, जिन्होंने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। मध्य ओवरों में राशिद खान और साई किशोर की स्पिन जोड़ी विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देती, जबकि डेथ ओवर्स में राहुल तेवतिया और शाहरुख खान टीम को अतिरिक्त मजबूती प्रदान करते हैं।
ऐसे में आज का यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
Advertisement
