Latest News

लखनऊ। दुनिया के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को क्रिकेट करियर में अभी तक वह मुकाम हासिल नहीं हो पाया है, जिसके लिए वे कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक खूब पसीना बहा रहे हैं। आईपीएल 2026 के लिए भी वह अर्जुन खूब मेहनत कर रहे हैं। हालांकि इस सीजन में वे मुंबई इंडियंस की बजाय लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे।
कुल मिलाकर अर्जुन तेंदुलकर को कप्तान ऋषभ पंत के साथ काम करना है। एलएसजी ने अभ्यास सत्र का एक वीडियो साझा किया है जिसमें पंत और अर्जुन एक दूसरे से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पंत अर्जुन के बल्ले का वजन जानकर हैरान हो जाते हैं। वीडियो में पंत ने अर्जुन से उनके बल्ले का वजन पूछा। अर्जुन ने बताया, 1220 ग्राम। इतना सुनकर पंत हैरान रह गए। पंत ने पूछा कि भारी बल्ले से खेलने का क्या फायदा है, तो अर्जुन ने जवाब दिया, इसे छूने पर भी उड़ता है। पापा 1310-1315 के साथ खेलते थे। मैं 1200 से नीचे नहीं जाता।
पंत ने की अर्जुन के डेडिकेशन की तारीफ
अर्जुन तेंदुलकर और ऋषभ पंत की उम्र में ज्यादा अंतर नहीं है। इसलिए एलएसजी कैंप में मिलते ही दोनों दोस्त बन गए हैं। वीडियो में पंत एक जगह अर्जुन से यह कहते हुए दिखते हैं कि जब भी जरूरत होगी, वह उनके लिए मौजूद रहेंगे। पंत ने अर्जुन के डेडिकेशन की भी तारीफ की कि वह अपनी शादी के ठीक एक दिन बाद सीजन की तैयारी के लिए युवराज सिंह से जुड़ गए।
अर्जुन गोवा की तरफ से खेलते हैं घरेलू क्रिकेट
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और बाएं हाथ के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में गोवा की तरफ से खेलते हैं। अर्जुन ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से 2023 में केकेआर के खिलाफ डेब्यू किया था। 26 साल के इस खिलाड़ी ने 5 मैचों की 1 पारी में 13 रन बनाए हैं और 3 विकेट लिए हैं। आईपीएल 2026 से पहले अर्जुन एलएसजी से जुड़े थे।
Advertisement
