Latest News

बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का धमाकेदार आगाज आज शनिवार को होने जा रहा है। इस सीजन का पहला मुकाबला गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। टीमें शाम 7ः30 बजे एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। यह आरसीबी का होम ग्राउंड भी है। पहले ही मैच में फैन्स को छक्के-चैके की बारिश देखने को मिल सकती है। फैंस की नजरें पूर्व कप्तान विराट कोहली पर भी टिकी रहेंगी।
बता दें कि आरसीबी और एसआरएच के बीच मुकाबले हमेशा से रोमांचक होते रहे हैं। ऐसे में आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच में आमने-सामने हो रही इन दोनों टीमों के बीच एक कड़े और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। बेंगलुरु का मौसम दिन के मुकाबले काफी बेहतर रहेगा। मैच के समय तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। इस मैच में बारिश का कोई खतरा नहीं है। ह्यूमिडिटी लगभग 40 प्रतिशत रहेगी। दूसरी पारी के दौरान ओस का असर रह सकता है।
बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग है चिन्नास्वामी की पिच
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। इसकी वजह छोटी बाउंड्री और गेंद को बाउंस मिलना है। गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आती है, इसलिए बल्लेबाज यहां बेझिझक अपने शॉट खेल सकते हैं। इससे बड़े शॉट लगाना काफी आसान होता है। गेंदबाजों को लाइन लेंथ चूकने की स्थिति में भारी नुकसान उठाना पड़ता है। पिछले तीन सीजन में चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए टी20 मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 194 रहा है।
ईशान किशन के कैप्टेंसी की भी होगी परीक्षा
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली पर रहेंगी, जो काफी दिनों बाद मैदान पर उतरेंगे। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के कैप्टेंसी की भी परीक्षा होगी। ईशान नियमित कप्तान पैट कमिंस के चोटिल होने के चलते शुरुआती मैचों मे सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करने जा रहे हैं।
किसी से कम नहीं ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी
सनराइजर्स हैदराबाद की खतरनाक ओपनिंग जोड़ी ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा किसी से कम नहीं है। देखा जाए तो ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की तिकड़ी ने पिछले दो सीजन में हर टीम के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। पावरप्ले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, तेज शुरुआत से मैच का रुख बदलना और बड़े स्कोर को आसान बनाने में ये तीनों माहिर है।
पिछली हार का बदला लेना चाहेगी आरसीबी
2024 के सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने कई रिकॉर्ड तोड़े थे, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों में टीम 100 रनों तक पहुंच गई थी। पिछले सीजन में जब एसआरएच और आरसीबी आमने-सामने हुई थी, तब एसआरएच ने 231 रन ठोक दिए थे। उस मैच में इशान किशन ने 48 गेंदों में नाबाद 94 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। आरसीबी वह मैच 42 रनों से हार गई थी, लेकिन टीम ने बाद में शानदार वापसी करते हुए पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।
आरसीबी की संभावित प्लेइंग इलेवन
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पड्डिकल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी।
इम्पैक्ट प्लेयरः मंगेश यादव
एसआरएच की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, ब्रायडन कार्स, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट।
इम्पैक्ट प्लेयरः सलील अरोड़ा
Advertisement
