Latest News

नई दिल्ली। चेन्नई के मैदान पर मंगलवार को 19 साल के एक लड़के ने ऐसा शोर मचाया कि पूरी दुनिया सुनती रह गई। कनाडा के सलामी बल्लेबाज युवराज सामरा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 65 गेंदों में 110 रन ठोककर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया। 6 छक्के, 11 चैके। और हर शॉट में बेखौफ अंदाज।
ग्रुप डी के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कनाडा ने 20 ओवरों में 173-4 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसकी बुनियाद सामरा की विस्फोटक पारी रही। वह टी20 वर्ल्ड कप में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए- 19 साल 141 दिन में यह कमाल कर उन्होंने पाकिस्तान के अहमद शहजाद (22 साल 127 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
कप्तान के साथ 116 रनों की साझेदारी
सामरा ने कप्तान दिलप्रीत बाजवा के साथ पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़े। बाजवा 36 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सामरा ने रफ्तार नहीं रोकी।
कीवी गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ते हुए उन्होंने मैदान के हर कोने में रन बटोरे. सीधा खेलना, कवर के ऊपर से छक्के और मिडविकेट पर पिक-अप शॉट- उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास साफ दिखा। युवराज सामरा की पारी दो हिस्सों में बंटी दिखी- पहले संयम, फिर विस्फोट। उन्होंने 36 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद गियर बदला और अगली 22 गेंदों में 50 रन ठोकते हुए सिर्फ 58 गेंदों में शतक जड़ दिया। यानी दूसरे फिफ्टी में उनकी रफ्तार कहीं ज्यादा घातक रही।
नाम में ‘युवराज’, खेल में भी वही तेवर
युवराज सामरा का नाम भारत के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम पर रखा गया है। उनके पिता बलजीत सामरा बड़े प्रशंसक थे। दिलचस्प बात यह है कि सामरा खुद कहते हैं- मैं उनकी तरह बनना नहीं चाहता, मैं अपनी पहचान बनाना चाहता हूं। लंबे कद के बाएं हाथ के बल्लेबाज सामरा ताकत से गेंद मारने में विश्वास रखते हैं. वह कहते हैं, जब गेंद बीच बल्ले से निकलती है और स्टेडियम में आवाज गूंजती है... वही सबसे सुकून देने वाला पल होता है।
रिकॉर्ड पहले भी बनाए हैं
15 गेंदों में फिफ्टी (बहामास के खिलाफ) - कनाडा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड
8 वनडे और 18 टी20 इंटरनेशनल पहले ही खेल चुके
17 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू
युवराज सिंह से वह दो बार मिल चुके हैं- एक बार 2019 में और फिर 2025 में। उनके पिता चाहते हैं कि बेटा आईपीएल खेले, खासकर मुंबई इंडियंस के लिए। सामरा का सपना भी साफ है- मैं दुनिया की लगभग हर फ्रेंचाइज लीग खेलना चाहता हूं।
Advertisement
