Latest News

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भारतीय सुरक्षा बलों ने एक लंबा और चुनौतीपूर्ण हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा करते हुए सात खतरनाक आतंकवादियों को मार गिराया है। यह अभियान लगातार 326 दिनों तक चला, जिसे क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। इस ऑपरेशन का नेतृत्व भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर (16 कोर) ने किया।
सेना की ओर से सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, किश्तवाड़ के दुर्गम और ऊंचाई वाले इलाकों में वर्षभर लगातार अभियान चलाया गया। इन इलाकों में ठंड, बारिश और भारी बर्फबारी जैसी कठिन परिस्थितियों के बीच जवानों ने आतंकवादियों का पीछा किया। कई बार मुठभेड़ की स्थिति बनी, लेकिन सुरक्षा बलों ने धैर्य और रणनीति के साथ ऑपरेशन जारी रखा।
सेना ने बताया कि इस अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस (सीआरपीएफ) ने भी अहम भूमिका निभाई। खुफिया एजेंसियों से मिले सटीक इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने किश्तवाड़ के चटरू क्षेत्र में आतंकियों को घेरकर मार गिराया। मारे गए आतंकवादियों में कुख्यात आतंकी सैफुल्लाह और उसके सहयोगी शामिल बताए जा रहे हैं।
आॅपरेशन में आधुनिक तकनीक का हुआ इस्तेमाल
ऑपरेशन के दौरान आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया। सेना ने एफपीवी ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी, आरपीएध्यूएवी और उन्नत संचार उपकरणों की मदद से आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखी। दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाकों में इन तकनीकी साधनों ने सुरक्षा बलों को रणनीतिक बढ़त दिलाई। सेना के अनुसार, यह सफलता जवानों के संकल्प, साहस और खुफिया तंत्र की मजबूती का परिणाम है।
सेना बोली- बर्दाश्त नहीं किया जाएगा साजिश को
व्हाइट नाइट कोर ने इसे आतंकी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार बताया है। सेना ने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता को कमजोर करने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन के बाद मारे गए आतंकवादियों के शव और उनके पास से हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
Advertisement
