Latest News
चिंता की कोई बात नहीं : पूरी तरह स्वस्थ्य शुभांशु शुक्ला: इसरो ने दिया अपडेट
नयी दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला स्पेस मिशन पूरा कर धरती पर लौट आए हैं। ड्रैगन ग्रेस अंतरिक्ष यान उन्हें और एक्सिओम-4 मिशन के तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर 15 जून को कैलिफोर्निया के सैन डिएगो तट पर लैंड हुआ। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो) ने शुभांशु शुक्ला के स्वागत के बारे बड़ा अपडेट दिया है। इसरो ने गुरुवार को कहा कि 20 दिन के अंतरिक्ष मिशन से धरती पर लौटे शुभांशु शुक्ला के प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण से संकेत मिले हैं कि उनकी हालत स्थिर है और तत्काल चिंता की कोई बात नहीं है।
बता दें कि अंतरिक्ष यान से बाहर निकलते ही ‘रिकवरी शिप’ पर अंतरिक्ष यात्रियों की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच की गई। बाद में, अंतरिक्ष यात्रियों को आगे की चिकित्सा जांच और सलाह के हेलीकॉप्टर द्वारा रिकवरी शिप से पृथ्वी पर ले जाया गया। बाद में, शुक्ला को सूक्ष्म गुरुत्व के किसी भी प्रतिकूल प्रभाव को कम करने के लिए एक सप्ताह के पुनर्वास कार्यक्रम के लिए ले जाया गया।
इसरो ने कहा, इस कार्यक्रम का संचालन एक्सिओम के फ्लाइट सर्जन द्वारा किया जा रहा है और इसरो के फ्लाइट सर्जन भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। पुनर्वास कार्यक्रम में कई प्रकार की चिकित्सीय जांच, विशेष रूप से हृदय संबंधी आकलन, मांसपेशियों और अस्थियों का परीक्षण और मनोवैज्ञानिक जांच शामिल है।
पुनर्वास गतिविधियों (रिहैबिलेशन एक्टिविटी) में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की निगरानी, सूक्ष्म गुरुत्व के किसी भी प्रभाव के समाधान करने और व्यक्ति को सामान्य गतिविधियों में वापस लौटने के लिए तैयार करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाता है। शुक्ला ने 20 दिवसीय मिशन के दौरान 18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताए। वहां उन्होंने इसरो और नासा द्वारा डिजाइन किए गए सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण प्रयोग किये। अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष में अपने प्रवास के दौरान पृथ्वी की 320 बार परिक्रमा की और 135.18 लाख किलोमीटर से अधिक की यात्रा की।
Advertisement
Related Post