Latest News

मुंबई। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच सप्ताह की शुरुआत में कमोडिटी बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोमवार को शुरुआती कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी में हल्की मजबूती नजर आई।
सुबह करीब 10ः43 बजे एमसीएक्स पर अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना 982 रुपए यानी 0.68 प्रतिशत गिरकर 1,43,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, मई कॉन्ट्रैक्ट की चांदी 767 रुपए यानी 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,28,721 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। हालांकि कारोबार की शुरुआत में चांदी में भी कमजोरी देखी गई थी। इससे पहले शुक्रवार को सोना 1,44,401 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,27,750 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, जहां दोनों धातुओं में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों पर दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। पिछले सप्ताह की तेजी लगभग खत्म हो चुकी है और सोमवार को शुरुआती कारोबार में सोना करीब 1.7 प्रतिशत तक टूट गया। हालांकि निचले स्तरों पर खरीदारी से कुछ सुधार देखने को मिला। कॉमेक्स में सोने की कीमत 2 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 4,447.50 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, लेकिन बाद में यह फिर 4,500 डॉलर के आसपास संभल गई।
सोने से हट रहा निवेशकों का रुझान
विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और महंगाई की आशंका के बावजूद निवेशकों का रुझान फिलहाल सोने से कुछ हटता दिख रहा है। इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व और अन्य केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरें ऊंची बनाए रखने की संभावना भी सोने की कीमतों पर दबाव बना रही है।
Advertisement
