Latest News
महाराष्ट्र की वर्षा ने देश को किया गौरवान्वित : नवाजी गई UN पापुलेशन अवार्ड से, 35 से संघर्ष कर रही असमानताओं के खिलाफ
न्यूयॉर्क। महाराष्ट्र की वर्षा देशपांडे ने देश को गौरवान्वित किया है। दरअसल उन्हें संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। महिला अधिकार कार्यकर्ता और दलित महिला विकास मंडल की संस्थापक वर्षा देशपांडे ने संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार मिलने पर अपनी खुशी भी जाहिर की। वर्षा देशपांडे एक जानी-मानी महिला कार्यकर्ता हैं, जो पिछले 35 साल से निरंतर लैंगिक हिंसा और भेदभाव जैसी सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने असमानताओं से लड़ने के लिए 1990 में दलित महिला विकास मंडल की नींव रखी।
उन्होंने प्रसूति पूर्व लिंग चयन के समाधान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सामूहिक भागीदारी और वकालत से इस विषय पर लोगों की मानसिकता बदलने में अहम योगदान दिया है। दलित महिला विकास मंडल का नेतृत्व करते हुए वर्षा देशपांडे ने बाल विवाह, महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा महिलाओं की संपत्ति का पंजीकरण कराने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। वह गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अभियान (पीसीपीएनडीटी) कानून के तहत बनी सरकारी समितियों की सदस्य हैं। इस कानून के क्रियान्वयन के लिए उन्होंने बहुत कार्य किया।
मेरे लिए यह बड़े सम्मान की बात
वर्षा देशपांडे कहती हैं, यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है कि प्रसूति पूर्व लिंग चुनाव पर काम के लिए मुझे संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार दिया जा रहा है। ये पुरस्कार केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन असंख्य व्यक्तियों और संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों को समर्पित है, जो समुदाय के साथ जुड़कर सकारात्मक परिवर्तन लाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कार्यरत हैं। मैं आशा करती हूं कि यह सम्मान प्रसूति पूर्व लिंग चयन जैसे गंभीर मुद्दे पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने में सहायक होगा। उन्होंने आगे कहा, वैश्विक स्तर पर नेतृत्व पूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों की सूची में सम्मिलित किया जाना मेरे लिए विनम्रता और प्रेरणा का स्रोत है। मैं उम्मीद करती हूं कि मैं इस सम्मान के योग्य बन सकूं और मुझ पर किए गए विश्वास को पूरी तरह निभा सकूं।
भूटान की कंट्री डायरेक्टर ने भी वर्षा की पहल को सराहा
यूएनएफपीए इंडिया की प्रतिनिधि और भूटान की कंट्री डायरेक्टर एंड्रिया एम. वोजनार ने कहा, एक समान अधिकार वाले समाज के निर्माण के लिए वर्षा देशपांडे के अग्रणी प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय हैं। लिंग, जाति या धर्म के आधार पर होने वाले सभी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सराहनीय है। उनके इस कार्य की वजह से लोग, खासकर महिलाएं और लड़कियां गरिमा, अवसर और कल्याण के साथ जीवन व्यतीत कर रही हैं। मैं उनके जुनून की गहराई से सराहना करती हूं और लिंग-पक्षपाती लिंग चयन जैसे संवेदनशील और अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे पर काम करने के लिए उनके साहस की प्रशंसा करती हूं।
Advertisement
Related Post