Latest News

वाशिंगटन डीसी/तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो देशों देशों को धमकी देते हुए कहा है कि अगर सहयोगी देश होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने में मदद नहीं करते हैं तो नाटो का भविष्य बहुत खराब हो सकता है। ट्रंप ने कहा, हमारे पास नाटो नाम की एक व्यवस्था है। हम उनके साथ बहुत अच्छे रहे हैं। हमें यूक्रेन के मामले में उनकी मदद करने की जरूरत नहीं थी। फिर भी हमने उनकी मदद की। अब देखना है कि क्या वे हमारी मदद करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर चीन होर्मुज को खुला रखने में मदद नहीं करता है, तो वह इस महीने के अंत में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाले अपने शिखर सम्मेलन को टाल सकते हैं। ट्रंप 31 मार्च को चीन जाने वाले हैं। दरअसल, ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल करने वाले देशों से इस रास्ते की रक्षा करने के लिए वॉरशिप और जरूरी मदद भेजने की मांग की थी। दुनियाभर का 20 फीसदी तेल इसी रुट से गुजरता है।
ऑस्ट्रेलिया-जापान का वॉरशिप भेजने से इनकार
ऑस्ट्रेलिया ने साफ कर दिया है कि वह होर्मुज में अपने युद्धपोत नहीं भेजेगा। यह बयान उस समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस रुट को खुला रखने के लिए सहयोगी देशों से मदद मांगी। ऑस्ट्रेलिया की परिवहन मंत्री कैथरीन किंग ने एबीसी रेडियो को दिए इंटरव्यू में कहा कि ऑस्ट्रेलिया पहले ही अपने योगदान को लेकर स्पष्ट है। उधर, जापान की प्रधानमंत्री सना ताकाइची ने संसद में कहा है कि टोक्यो का होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों की सुरक्षा के लिए नौसेना भेजने का फिलहाल कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा, हम यह देख रहे हैं कि जापान अपने स्तर पर क्या कर सकता है और कानूनी ढांचे के भीतर क्या संभव है।
मुंबई एयरपोर्ट के पास आयल टैंक पर हमला
उधर आज सुबह दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक आॅयल टैंक को निशाना बनाया गया। इससे पहले भी जंग के दौरान यहां हमला हो चुका है। हालांकि हमले में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई। हमले के कारण कुछ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद दुबई पुलिस ने एयरपोर्ट रोड और एयरपोर्ट टनल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। पुलिस ने चालकों से कहा है कि अभियान जारी रहने तक दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें।
Advertisement
