Latest News

सतना। मैहर जिले के रामनगर विकासखंड की हायर सेकेण्ड्री एवं हाई स्कूलों में लघु निर्माण कार्य भवन मरम्मत, पार्किंग शेड एवं साइकिल स्टैंड निर्माण के नाम पर हुए 4.37 करोड़ के भुगतान के मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाईयों का दौर चल रहा है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग रीवा ने तीन प्राचार्यों को नियम विरुद्घ भुगतान के मामले में निलंबित कर दिया इससे पहले भी तीन प्राचार्यों को सस्पेंड किया गया था। वहीं इसी प्रकार के फर्जीवाड़े में शामिल अन्य सात प्राचार्यों को कमिश्नर रीवा ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। माना जा रहा है कि नोटिस जा जवाब आने के पश्चात इन पर भी कार्रवाई होनी लगभग तय है।
बताया जाता है कि मैहर जिले की करीब 20 स्कूलों ने वाणी इंफ्राक्चर, श्री महाकाल ट्रेड्र्स और रुद्र इंटरप्राइजेज के नाम पर 4 करोड़ 37 लाख 89 हजार 420 रुपए का नियम विरुद्घ भुगतान किया था जिसकी जांच एसडीएम रामनगर के द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात मामले में संलिप्त कर्मचारियों के विरुद्घ निलंबन की कार्रवाई का दौर शुरू हुआ। अब संयुक्त संचालक रीवा ने शासकीय हाई स्कूल बड़वार के प्राचार्य संकर्षण प्रसाद पाण्डेय को 23 लाख 24 हजार 332 रुपए के नियम विरुद्घ भुगतान के मामले में निलंबित किया गया है।
निलंबित प्राचार्य को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अमरपाटन से अटैच किया गया है इनके द्वारा वाणी इंफ्राक्चर भोपाल के नाम पर भुगतान किया गया था। इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सगौनी के प्राचार्य रवीन्द्र सिंह को भी निलंबित किया गया है। इनके द्वारा वाणी इंफ्राक्चर के नाम पर ही 24 लाख 94 हजार 855 रुपए का नियम विरुद्घ भुगतान किया गया था। इसके अलावा शासकीय हाई स्कूल मड़वार की प्राचार्य श्रीमती किरण पटेल को निलंबित कर बीईओ कार्यालय अमरपाटन से अटैच किया गया इनके द्वारा भी 24 लाख 5564 रुपए का भुगतान श्री रुद्र इंटरप्राइजेज के नाम पर किया गया था। फिलहाल तीनों को निलंबित कर बीईओ कार्यालय अटैच किया गया है जबकि इससे पहले तीन प्राचार्य निलंबित हो चुके हैं।
इन्हें शो-काज नोटिस
वाणी इंफ्राक्चर के नाम पर 22 लाख 29506 रुपए के भुगतान के मामले में संभागायुक्त रीवा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हर्रई के प्राचार्य सियंबर सिंह, कंदवारी के प्राचार्य श्रवण सिंह, हाई स्कूल गोविंदपुर के प्राचार्य मथुरा प्रसाद वर्मा, गुलवार गुजारा के शिवलाल बैस, शासकीय उच्चर माध्यमिक विद्यालय देवराज नगर के रामलखन रावत, शासकीय उच्चर माध्यमिक विद्यालय देवदहा के लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला और शासकीय उच्चर माध्यमिक विद्यालय गोरसरी के गुलजार सिंह टेकाम को नियम विरुद्घ भुगतान के मामले में नोटिस जारी की गई है।
अब तक 9 कर्मचारियों का निलंबन
4.37 करोड़ के फर्जीवाड़े में अब तक 9 कर्मचारियों का निलंबन हो चुका है। सबसे पहले सुलखमा के प्राचार्य रामलाल साकेत को निलंबित किया गया इसके पश्चात रामनगर के बीईओ पर निलंबन की कार्रवाई हुई। वहीं बाबू सहभृत्य विनोद कुमार पटेल का निलंबन हुआ और इसके बाद मझटोलवा प्राचार्य कामता प्रसाद तिवारी छिरहाई प्राचार्य रामाधार वर्मा व मनकहरी प्राचार्य राजेश कुमार साकेत को निलंबित किया गया था।
Advertisement
